बुढ़ेड़ा गांव में भूमि विवाद को लेकर कुछ लोगों ने एक पूर्व सैनिक के परिवार के सदस्यों को मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने दो-तीन फायर भी किए पर गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी। हमलावर जाते समय जान से मारने की धमकी देने के साथ एक महिला के कानों की बाली व चेन भी छीनकर ले गए। पुलिस ने शिकायत पर तीन महिलाओं सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बुढ़ेड़ा निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि वह फौज से रिटायर है और खेत में बने मकान में परिवार सहित रहता है। 11 जुलाई की रात को करीब 12 बजे जब हम अपने घर पर सोए हुए थे तो कुछ लोग घर की छत पर आ गए। उक्त लोगों ने छत पर सोए उसके छोटे बेटे विरेंद्र और उसके बच्चों को पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर जब उसका बड़ा बेटा सुरेंद्र और रिश्तेदार दलबीर छत पर गए तो उक्त लोगों ने लाठी, डंडों व लोहे की पाइप से सबको मारना, पीटना शुरू कर दिया। बकौल ओमप्रकाश, जब वह छत पर गया तो एक युवक ने अपने हाथ में ली हुई पिस्टल से उनकी तरफ दो तीन फायर किए लेकिन किसी को गोली नहीं लग सकी। उसके शोर मचाने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय उक्त लोग उसकी बड़ी बहू से हाथापाई करते हुए उसके गले में पहनी हुई सोने की चेन और कानों की बालियां भी छीनकर ले गए। मारपीट की इस साजिश में उसके परिवार के ही लोग शामिल हैं जो भूमि के बंटवारे और पहले से दर्ज करवाए गए मामलों को लेकर उनसे खफा हैं। झगड़े में उसके पुत्र सुरेंद्र, विरेंद्र और उसके साले दलबीर को गंभीर चोर्टें आईं हैं जो उपचाराधीन हैं। पुलिस ने पूर्व सैनिक की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।