सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त गाड़ियां। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी/कलानौर। रोहतक-भिवानी रोड पर कॉलेज मोड़ के पास रविवार सुबह तीन वाहनों की भिड़ंत में भिवानी के किसान की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कॉलेज मोड़ के पास एक ट्रॉला महम की ओर से आ रहा था। जबकि एक टाटा सूमो गाड़ी गांव कलिंगा से सीकरी बल्लभगढ़ की ओर जा रही थी। एक पिकअप गाड़ी रोहतक की तरफ आ रही थी कि अचानक ट्रॉला अनियंत्रित होकर टाटा सूमो से टकरा गया। इसी बीच रोहतक की ओर से आ रही एक पिकअप गाड़ी भी दोनों वाहनों टकरा गई। हादसे में टाटा सूमो सवार गांव कलिंगा निवासी आनंद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के वाहनों को किनारे कर खुलवाया। जांच अधिकारी रविंद्र ने बताया कि तीन वाहनों की भिड़ंत हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और चार अन्य लोग घायल हो गए।
शोक जताने जा रहे थे, हादसे से घर में छा गया मातम
कलानौर में हुए टाटा सूमो, पिकअप और ट्रॉला हादसे में जिले के गांव कलिंगा वासी किसान आनंद की मौत हो गई जबकि तीन-चार अन्य को चोट आई है। हादसे के बाद घर में मातम छा गया। शाम करीब छह बजे पोस्टमार्टम के बाद शव गांव में पहुंचा। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। कलिंगा सरपंच ओम ने बताया कि भिवानी जिले के गांव कलिंगा वासी आनंद की मामी का निधन हो गया था। जिस पर शोक जताने के लिए परिवार के सदस्य स्पेशियो कार से यूपी के सिकरी जा रहे थे। जब वे कलानौर से आगे निकले तो कॉलेज मोड़ के पास तीन वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे में 40 वर्षीय आनंद की मौत हो गई जबकि तीन-चार अन्य को चोट आई। गाड़ी में ग्रामीण नागेंद्र, कप्तान, उमेद के अलावा तीन-चार महिलाएं थी। गाड़ी को मुकेश चला रहा था। हादसे के बाद आनंद को तुरंत उपचार के लिए इमरजेंसी ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह सूचना गांव में आई मातम फैल गया।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
हादसे ने तीन बच्चों से पिता का सहारा छीन लिया। आनंद के दो बेटियां और एक बेटा है। सभी की उम्र पांच से आठ साल के बीच है। हादसे के बाद परिजनों का जहां रो-रोकर बुरा हाल है वहीं बच्चों को समझ ही नहीं आ रहा कि हो क्या रहा है।