भिवानी। गांव कुडल बस स्टैंड पर एक युवक की दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने हथियार के बल पर बाइक छीन ले गए। आरोपियों ने इस दौरान सड़क पर भी हवाई फायरिंग कर दहशत भी फैलाई। वारदात की सूचना के बाद जुईकलां थाना पुलिस ने मुख्यमार्गों पर नाके बंदी भी की। पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव कुडल निवासी विकास ने बताया कि उसके बड़े भाई अक्षय की बीमारी के कारण करीब एक साल पहले मौत हो गई थी। उसके भाई अक्षय के नाम एक अपाचे बाइक थी। जिसे अब वह चलाता था। एक नवंबर की दोपहर करीब एक बजे वह बाइक लेकर अपने मौसा विनोद की कुडल बस स्टैंड स्थित दुकान पर खड़ा था। बाइक की चाबी भी बाइक में लगी थी। इसी दौरान बाइक पर जुई की तरफ से तीन युवक आए और उन्होंने उसकी बाइक को पिस्तौल के बल पर लूट लिया। आरोपियों ने उसे डराने के लिए सड़क पर भी हवाई फायरिंग कर दी। जिसके बाद दो युवक उसकी बाइक पर बैठकर भाग गए। उसने बताया कि हथियार के बल पर उसकी बाइक लूट करने वालों को वह नहीं जानता। जुईकलां पुलिस थाना एसएचओ सतपाल ने बताया कि पुलिस ने युवक की शिकायत पर बाइक छीनकर ले जाने वाले तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।