सांसद ने नौरंगाबाद में आयोजित सभा में विपक्षी पाटिर्यों पर तंज कसा और ये भी कहा कि हम पहले कहते थे कि राम लला हम लाएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन कांग्रेस वाले कहते थे कि तारीख नहीं बताएंगे।
भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अयोध्या में बन रहे राम मंदिर और सनातन धर्म पर सवाल उठाने वाली पार्टियों व राजनीतिक नेताओं पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म पर सवाल उठाने वाले भी आज चुनाव के समय मंदिर-मंदिर जाकर माथे पर तिलक लगवा रहे हैं।
विज्ञापन
बुधवार को हरियाणा के भिवानी के गांव नौरंगाबाद में आयोजित सभा में बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस पार्टी पर राम मंदिर को लेकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि हम पहले कहते थे कि राम लला हम लाएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे, लेकिन कांग्रेस वाले कहते थे कि तारीख नहीं बताएंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सनातन धर्म सभी धर्माें से पुराना है।
सनातन धर्म सतयुग में भी था, त्रेता युग में भी और द्वापर युग में भी था। उन्होंने इस मौके पर गांव नौरंगाबाद व आसपास के क्षेत्र के लोगों को राम मंदिर के दर्शन के लिए न्योता दिया। कार्यक्रम में भिवानी से विधायक घनश्याम सर्राफ, शकुंतला शर्मा, भिवानी रोडवेज यातायात प्रबंधक भरत सिंह पंवार, हरियाणा कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष रमेश व अन्य आसपास गांव के सरंपच और नागरिक मौजूद रहे।
विज्ञापन
वाया रोड आए सांसद
सांसद का गांव नौरंगाबाद में कार्यक्रम दोपहर 12.30 बजे निर्धारित था। उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिये भिवानी आना था। सांसद ने बताया कि जब वे दिल्ली से इस कार्यक्रम के लिए रवाना हाेने वाले थे, तभी उनके हेलीकॉप्टर के पायलट के पिता का निधन हो गया। इसके कारण उन्हें ऐन वक्त पर वाया रोड होकर कार्यक्रम के लिए पहुंचना पड़ा। उन्होंने बताया कि इससे पहले सात अगस्त को भिवानी जिले के गांव कलिंगा में उनका कार्यक्रम होना तय हुआ था, लेकिन तत्काल समय में भिवानी उपायुक्त ने जिले में धारा 144 लागू लगा रखी थी। इसके कारण उन्हें कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। इस बार निर्धारित कार्यक्रम में बाधा पड़ने के बावजूद वे वाया रोड इस कार्यक्रम में पहुंचे।
आसपास के क्षेत्र में पुलिस की रही कड़ी सुरक्षा
सांसद ने कार्यक्रम से पहले जिला प्रशासन से हेलीकॉप्टर उतरने की अनुमति और पुलिस सुरक्षा की मांग की थी। इस मौके पर सदर थाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। इसके अलावा गुप्तचर विभाग के कर्मी भी अपनी पैनी नजर कार्यक्रम पर टिकाए रहे। इस दौरान युवाओं व महिलाओं में सांसद के साथ सेल्फी और फोटो खिंचवाने को लेकर उत्साह देखने को मिला। सांसद ने कार्यक्रम के अंत में युवाओं, महिलाओं के साथ सेल्फी और फोटो करवाई। कार्यक्रम के अंत में जयश्री राम के नारे भी लगाए गए।