भिवानी। भिवानी-हिसार रेल मार्ग पर गुजरानी रेलवे फाटक के समीप रविवार देर शाम एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। मामले की जानकारी राजकीय रेलवे पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और सोमवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम कराया।
राजकीय रेलवे पुलिस चौकी इंचार्ज धर्मबीर सिंह ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि गुजरानी रेलवे फाटक के समीप एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली है। इस सूचना पर राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की शनाख्त 25 वर्षीय धीरज के रूप में हुई। मृतक के ताऊ सुरेंद्र ने बताया कि धीरज पिछले काफी अर्से से मानसिक परेशान चल रहा था। इसी के चलते उसने यह कदम उठाया है। राजकीय रेलवे पुलिस ने सोमवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया वहीं ताऊ सुरेंद्र के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।