बवानीखेड़ा (भिवानी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में किशोरों का टीकाकरण करने गई टीम के साथ एक लेक्चरर उलझ गईं। उन्होंने टीम को टीका नहीं लगाने दिया और दुर्व्यवहार भी किया। साथ ही टीम से कहा कि पहले विभाग द्वारा किशोरों को टीका लगाने के लिए जारी की गई गाइडलाइन और टीके के साइड इफेक्ट बताओ। हंगामा बढ़ने पर स्वास्थ्यकर्मियों को पुलिस बुलानी पड़ी।
लेक्चरर के विरोध करने पर टीम बिना टीकाकरण किए ही उपस्वास्थ्य केंद्र में लौट आई और सामान्य लोगों का टीकाकरण करने लगी। इसके बाद महिला लेक्चरर गांव के कुछ लोगों के साथ वहां भी पहुंच गई और हंगामा कर दिया। इसके बाद स्वास्थ्यकर्मियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी और उसके बाद मामले की शिकायत बवानीखेड़ा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में एएनएम रेनुबाला ने बताया कि तोशाम सीएचसी से एक टीम एचपीएचडब्ल्यू सुनील के नेतृत्व में किरावड़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में टीकाकरण करने गई थी। उनके साथ एएनएम रेनुबाला और तीन आशा वर्कर थी। सुनील ने बताया कि उन्होंने इस बारे में स्कूल के प्रिंसिपल से पहले ही बात कर रखी थी। सात जनवरी को भी स्कूल में टीकाकरण किया गया था। मगर सोमवार को प्रिंसिपल स्कूल में नहीं थे। उनसे फोन पर बात करने के बाद टीकाकरण शुरू किया गया। स्कूल में मौजूद एक महिला लेक्चरर ने इसका विरोध किया और टीकाकरण का काम रुकवा दिया। साथ ही महिला लेक्चरर ने अनाधिकार चेष्टा करते हुए टीम से टीके के लिए जारी की गई गाइडलाइन और उसके साइड इफेक्ट बताने के लिए कहा। लेक्चरर के भाव देखते हुए टीम गांव मे बने उपस्वास्थ्य केंद्र पर लौट आई।
वहां भी पहुंच गई महिला लेक्चरर
जब टीम उपस्वास्थ्य केंद्र पर पहुंची तो महिला लेक्चरर गांव के कुछ लोगों के साथ वहां भी पहुंच गई। वहां महिला लेक्चरर ने एएनएम का हाथ पकड़ लिया और टीकाकरण नहीं करने दिया। महिला लेक्चरर और उसके साथ आए लोगों ने वहां हंगामा कर दिया। इस पर स्वास्थ्यकर्मियों ने 112 नंबर पर फोन कर दिया। इस पर पुलिस टीम वहां पहुंची और मामले को शांत करने का प्रयास किया। मगर पुलिस के सामने भी महिला लेक्चरर बहस करती रहीं। हंगामा होने के बाद कार्यवाहक एसएमओ पुनीत भी मौके पर पहुंच गए थे। इस प्रकरण के बाद एएनएम रेनुबाला ने बवानीखेड़ा थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी
शिकायत मिली तो करेंगे शिकायत : बीईओ
खंड शिक्षा अधिकारी सुखपाल सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में भी यह मामला आया है। महिला लेक्चरर को ऐसा नहीं करना चाहिए था। सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान में सभी कर्मचारियों को सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर उनके पास लिखित में कोई शिकायत आती है तो उसकी जांच की जाएगी। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद करेंगे कार्रवाई
एएनएम ने शिकायत दर्ज कराई है कि किरावड़ के स्कूल में टीकाकरण करने के दौरान महिला लेक्चरर ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- हरिओम, थाना प्रभारी, बवानीखेड़ा।