बहल। शहरों की तरह अब बहल कस्बे में भी सब्जी फुटपाथ व सड़क किनारे बिकती नजर नहीं आएगी। सब्जी विक्रेताओं के लिए नई अनाज मंडी में बन रही सब्जी मंडी लगभग बनकर तैयार हो गई है।
सब्जी मंडी में कॉमन प्लेटफार्म पर बनने वाले शेड का काम अंतिम चरण में है। कृषि विपणन अधिकारियों की मानें तो अगले महीने तक सब्जी मंडी के चालू होने की पूरी संभावना है।
कस्बे में सब्जी मंडी की सौगात पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने एक साल पहले सितंबर 2023 में दी थी। नई अनाज मंडी में खाली पड़ी जगह को प्रयोग में लाने के लिए उन्होंने अधिकारियों को अनाज मंडी में भेजा था, ताकि यहां पर लोगों की सुविधा के लिए सब्जी मंडी का निर्माण करवाया जा सके।
अधिकारियों की ओर से दी गई फिजिबिलिटी की रिपोर्ट के आधार पर अक्टूबर माह में इसका निर्माण कार्य शुरू हुआ था जो अब लगभग पूरा हो चुका है। सब्जी मंडी में सब्जी विक्रेताओं व आमजन की सुविधा के लिए कॉमन प्लेटफार्म पर बन रहे शेड का काम अगले सप्ताह तक पूरा हो जाएगा।
नीलामी से बिकेंगी दुकानें, 35 दुकानें मिलेंगी विक्रेताओं को
कृषि विपणन बोर्ड की ओर से सब्जी मंडी में शुरुआत में 35 दुकानें बनाई गई हैं। इनमें से 20 दुकानें 20x50 फीट साइज की बनेंगी। जिनके आगे करीब 40 फीट का व्यक्तिगत प्लेटफार्म बनाया गया है। इसके अलावा इन दुकानों के आगे 40 फीट की सड़क बनाई गई है। वहीं 15 दुकानें 18x37.5 फीट के साइज की बनी है जिनको नीलामी से बिक्री किया जाएगा। इन दुकानों के तीन साइड में 24 फीट की सड़क बनी है। इसके अलावा इन दुकानों के आगे 30 फुट का व्यक्तिगत प्लेटफार्म बनाया गया है। सब्जी मंडी में चारों तरफ चहारदीवारी बनाने का काम भी पूरा हो चुका है।
एक करोड़ रुपये की लागत से बना है शेड, चार एकड़ भूमि में बनी है सब्जी मंडी
अनाज मंडी में बनी सब्जी मंडी में दुकानों के अलावा 180 फीट लंबा और 60 फीट चौड़ा कॉमन प्लेटफार्म बना है। इस प्लेटफार्म पर शेड बनाया जा रहा है जिसका काम अंतिम चरण में है। शेड पर करीब एक करोड़ रुपये की लागत आई है।
बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता गौरव ने बताया कि करीब चार एकड़ भूमि में सब्जी मंडी का निर्माण किया गया है। इसमें सब्जी विक्रेताओं व आमजन की सुविधा के लिए चार हाईमास्ट टावर लाइट्स लगाई गई हैं। सब्जी मंडी के निर्माण पर करीब साढे चार करोड़ रुपये की लागत आएगी। सब्जी मंडी में सीवरेज, पानी व बिजली सहित सभी मूलभूत सुविधाएं बोर्ड की ओर से दी जाएंगी।
बहुत समय से सब्जी मंडी की जरूरत महसूस की जा रही थी। सब्जी मंडी के अभाव में सब्जी विक्रेताओं को फुटपाथ पर या रेहड़ियों पर सब्जी बेचनी पड़ रही थी। पूर्व मंत्री जेपी दलाल के प्रयासों से बहल कस्बे को यह बड़ी सौगात मिलने जा रही है। इससे सब्जी विक्रेताओं व आमजन को बड़ा फायदा होगा।
- साहिल जावला, सब्जी विक्रेता, बहल।
बहल कस्बे में सब्जी मंडी के अभाव में सब्जी की पैदावार अच्छी होने के बाद भी अच्छे भाव नहीं मिल पा रहे थे। इसके अलावा सब्जी की खपत भी पूरी नहीं होती थी जिस वजह से बहल से बाहर का बाजार देखना पड़ता था। सब्जी मंडी की सौगात मिलने से अब सब्जी की पैदावार लेने वाले किसानों का अच्छी आमदनी हो सकेगी। इससे किसानों में सब्जी उत्पादन में रूचि बढेगी। किसान इसके लिए पूर्व मंत्री जेपी दलाल के आभारी रहेंगे।
- पवन कुमार शर्मा, सुरपुरा कलां, सब्जी उत्पादक किसान।