भिवानी। जिस तख्त पर खून से लथपथ लाश पड़ी थी, उसी तख्त पर टैक्सी स्टैंड के चालक दिनभर ताश खेलते हैं। दिन के समय यहां पर काफी गहमागहमी रहती है। दिवाली की रात सब्जी मंडी पुलिस चौकी से महज 25 कदम दूर और भिवानी-रोहतक मुख्य मार्ग पर एक अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर दी गई।
मृतक की जेब से एक छोटा मोबाइल मिला, जो कि बंद पड़ा था। मोबाइल ऑन कर जांचा गया तो राजस्थान के सीकर निवासी एक सरोज नामक महिला के साथ काफी बार बातें की गई थीं, जबकि फोन के संबंध में पुलिस को पता चला कि यह फोन भी किसी सीकर निवासी लाला नामक व्यक्ति का था, जो महज दो दिन पहले ही चोरी हुआ था। सरोज किसी राजू नामक व्यक्ति की पत्नी बताई जा रही है। हालांकि राजस्थान में भी फोन पर आई कॉल से बात करने के बाद पुलिस यह मालूम नहीं कर पाई कि आखिरकार मरने वाला कौन था। पुलिस की एक थ्योरी यह भी है कि हत्या से पहले हत्यारों के साथ शराब पी थी, जिसके बाद झगड़े में उसकी हत्या कर दी। पुलिस का उम्मीद है कि यह मोबाइल फोन ही हत्या की गुत्थी सुलझाने में मदद करेगा।
कॉल डिटेल का सहारा लेगी पुलिस
हत्या की गुत्थी को सुलझाने में अब भिवानी सीआईए प्रथम, द्वितीय, साइबर सेल, औद्योगिक पुलिस थाने की टीमें जुटी हैं। पुलिस चोरी हुए फोन की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है। वहीं आसपास के सीसीटीवी को भी खंगाला गया है। इसके अलावा जिस जगह पर हत्या हुई है वहां पर रात के समय किन लोगों की फोन लोकेशन यहां दर्शाई जा रही है, इसकी जांच पड़ताल भी पुलिस कर रही है। हालांकि दिवाली होने की वजह से स्टैंड सांझ ढलते ही खाली हो गया था, जबकि यहां पर रामतलाई मंदिर भी है। जिसकी काफी जगह यहां सुनसान पड़ी है। हनुमान मंदिर के साथ ही खाली जगह पर तख्त डाला गया था। जिसमें हनुमान मंदिर की तरफ भी एक खिड़की है। मगर न तो मंदिर में आने वालों की यहां चल रही गतिविधियों की कोई भनक लगी न ही सड़क से गुजर रहे लोगों को किसी तरह का कोई आभास हुआ।
खाटूश्याम धाम से भी है मृतक का नाता
मृतक का राजस्थान के खाटूश्याम धाम से भी नाता हैं, क्योंकि पुलिस ने उसके पास से मिले चोरी के मोबाइल फोन से कुछ नंबरों पर बात की तो राजू, सरोज और लाला नामक व्यक्ति के नाम सामने आए, ये सभी राजस्थान के सीकर जिला और खाटूश्याम के आसपास के गांव के मिले हैं। पुलिस अब हत्या के तार राजस्थान से ही जुड़े मानकर चल रही है।
बहुरूपिये समुदाय से होने का अंदेशा
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी उजागर हुआ है कि मृतक बहुरूपिया समुदाय से जुड़ा हो सकता है। मृतक कोट पेंट पहने हुए था, जबकि उसके चेहरे से लग रहा था कि वो बहुरूपिया बनकर मनोरंजन करता था। पुलिस ने जिन लोगों से बात की वे भी बहुरूपिये समुदाय से जुड़े हैं, जबकि रोहतक गेट क्षेत्र के आसपास भी काफी दिनों से लोगों को बेश बदलकर लोगों का मनोरंजन करने वाले दिखाई दिए थे।
कॉल डिटेल से सुलझाएंगे मामला
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की हत्या शराब पीकर आपस में झगड़ा करने की वजह से हुई लग रही है, लेकिन पुलिस हत्या को जल्द सुलझाने के लिए कॉल डिटेल के साथ-साथ आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, जल्द इसका खुलासा कर दिया जाएगा।
- वीरेंद्र सिंह, हेडक्वार्टर डीएसपी, भिवानी।