भिवानी। शहर के हांसी रोड स्थित ईएसआई अस्पताल में बने पुलिस कोविड सेंटर से शुक्रवार सुबह ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को चकमा देकर चोरी का आरोपी बाथरूम की खिड़की तोड़कर भाग निकला। आरोपी के फरार होने के बाद कोविड सेंटर में तैनात पुलिस सुरक्षा कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया।
फरार हुए आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह नहीं मिला। मामले की सूचना पुलिस के उच्चाधिकारियों को दी। पुलिस ने पूरे शहर खासकर नई बस्ती महम रोड क्षेत्र में नाकाबंदी की। जिसके बावजूद चेेर का कोई सुराग नहीं लगा। एफआईआर दर्ज क पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। वहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की गाज गिर सकती है।
सिविल लाइन पुलिस थाने में दर्ज चोरी के तीन केस में नई बस्ती निवासी 20 वर्षीय सुमित को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद उसे जेल भेज दिया। आरोपी सुमित की सात मार्च को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद उसे पुलिस सुरक्षा में ही हांसी रोड स्थित ईएसआई अस्पताल के कोविड सेंटर में लाया गया था। तभी से सुमित कोविड सेंटर में ही उपचाराधीन था। शुक्रवार सुबह सुमित कोविड सेंटर के बाथरूम में घुसा था। काफी देर बाद भी जब वह बाथरूम से बाहर नहीं आया तो वहां तैनात पुलिस सुरक्षा कर्मचारियों ने काफी देर तो दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। फिर बाथरूम का गेट तोड़ा गया। अंदर सुरक्षा कर्मियों को कोई नहीं मिला। आरोपी सुमित बाथरूम की खिड़की तोड़ फरार हो चुका था। इसके बाद कोविड सेंटर में खलबली मच गई और फरार हुए आरोपी की तलाश में पुलिस इधर-उधर हाथपांव मारने लगी, लेकिन पुलिस के हाथ फरार हुआ आरोपी नहीं लगा। बताया जा रहा है कि आरोपी सुमित के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस थाने में ही चोरी के तीन केस दर्ज हैं।
ये हैं आरोपी सुमित के खिलाफ चोरी के केस दर्ज
पहला केस: चोरी के आरोपी सुमित के खिलाफ 25 फरवरी को महम गेट के सिंगला सेनेटरी स्टोर से सामान चोरी का केस दर्ज है। सेनेटरी स्टोर से आरोपी करीब 40 हजार रुपये की नकदी, लैपटॉप के अलावा सेनेटरी का काफी सामान चोरी कर ले गया था।
दूसरा केस: आरोप है कि सुमित ने महम गेट बड चौक स्थित कॅरिअर प्लेनेट स्कूल के अंदर भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने स्कूल की दीवार फांदकर अंदर घुस चार कमरों के ताले चटका डाले थे और फिर वहां से काफी सामान चोरी किया था। आरोपी ने बाथरूम की टोंटिंया तक नहीं छोड़ी। इस संबंध में भी सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक मार्च को चोरी का केस दर्ज किया था।
तीसरा केस: शहर के कमला भवन के स्मीप एक गोदाम में भी सुमित पर चोरी करने का आरोप है। एक मार्च की सुबह लोहा कारोबारी देवेंद्र कुमार ने सिविल लाइन पुलिस थाने में शिकायत दी थी। उसने बताया था कि उसके गोदाम के ताले तोड़कर चोर गोदाम से 154 किलो कॉपर का तार चोरी कर ले गया। जिसकी कीमत लाखों में आंकी गई थी। पुलिस ने इस संबंध में भी एक मार्च को चोरी का केस दर्ज किया था।
ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई
पुलिस कस्टडी के बावजूद कोविड सेंटर से भागे चोरी के आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात संबंधित पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
-अजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक भिवानी।