भिवानी। बीटीएम चौक क्षेत्र स्थित एक हार्डवेयर की दुकान पर काम करने वाले नेपाल मूल के एक किशोर की पानी की मोटर से करंट लगने से मौत हो गई। हादसा वीरवार देर शाम का है। शुक्रवार सुबह शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।
मूल रूप से नेपाल का रहने वाला 16 वर्षीय रूनिश बीटीएम चौक स्थित हार्डवेयर की दुकान पर नौ माह से काम करता था। वीरवार देर शाम को वह दुकान में पानी की मोटर चलाकर फर्श की धुलाई कर रहा था कि इसी दौरान मोटर के करंट की चपेट में आ गया। बेसुध हालत में उसे नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे की जानकारी शहर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार सुबह नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। मृतक के मामा चंद्रभान राणा ने बताया कि रूनिश के पिता 13 साल से लापता हैं, जिनकी आज तक कोई खोज खबर नहीं है। वहीं पिछले साल रुनिश की माता की मौत हो गई थी। वह 70 वर्षीय बूढ़ी नानी के साथ मिशन कंपाउंट में रहता था। उसकी नानी बिस्तर पकड़ चुकी है। वह उठने-बैठने में भी लाचार हैं। शहर थाना पुलिस के एसआई उमेद सिंह ने बताया कि मृतक युवक के परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।