भिवानी। गत्ता फैक्टरी में काम करने वाले एक मजदूर की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे धिरानाकलां निर्माणाधीन बाईपास मोड़ पर हुआ। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।
गांव धिरानाकलां निवासी सोनू ने बताया कि वे दो भाई और एक बहन हैं। उसका बड़ा भाई 34 वर्षीय अजीत कुमार गत्ता फैक्टरी में मजदूरी का काम करता था। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह अपनी बाइक से भिवानी ड्यूटी पर आ रहा था। वह निर्माणाधीन बाईपास मोड़ पर पहुंचा तो एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में अजीत कुमार को गंभीर चोटें आईं। उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के छोटे भाई सोनू ने बताया कि अजीत पांच साल के बेटे का पिता था। सदर पुलिस थाने के जांच अधिकारी एचसी नरेंद्र ने बताया कि शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। वहीं मृतक के भाई के बयान दर्ज कर इस संबंध में कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है।