। जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद पदाधिकारी।
भिवानी। कोर्ट परिसर स्थित भिवानी बार एसोसिएशन के सभागार में सोमवार को भव्य शपथ ग्रहण समारोह हुआ। इस दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद व गरिमा की शपथ दिलाई गई। इसकी अध्यक्षता सेशन जज दीपक अग्रवाल ने बतौर मुख्यअतिथि की। इसके अलावा सभी न्यायिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
जिला बार एसोसिएशन भिवानी के चौथी बार प्रधान बने सत्यजीत पिलानिया को जब शपथ लेने के लिए मंच पर बुलाया गया तो सभी अधिवक्ताओं ने उनका स्वागत किया तथा पिलानिया ने चौथी बार सभी का धन्यवाद किया और शपथ लेने के बाद उन्होंने कहा कि जो मान-सम्मान चौथी बार भिवानी बार ने उन्हें दिया है, उसका कर्ज वे कभी भी नहीं उतार पाएंगे। लेकिन अधिवक्ताओं के हक के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से उन्होंने न्यायालय का कोई कार्य करने के बजाय दिन-रात अधिवक्ताओं के हकों की लड़ाई लड़ी है तथा इस बार भी वे वही कार्य करेंगे। बार परिसर में जितने भी विकास कार्य अधूरे पड़े है, उनको पूरा करवाया जाएगा। इस मौके पर सेशन जज दीपक अग्रवाल ने कहा कि भिवानी बार का सौभाग्य है कि उन्हें सत्यजीत पिलानिया जैसा प्रधान मिला। इस मौके पर सचिव दीपक तंवर ने शपथ ली तथा कहा कि वे प्रधान के साथ कंधे से कंधा मिलाकर बार हित में कार्य करेंगे तथा कभी भी पीछे नहीं हटेंगे।
इसके उपरांत उपप्रधान रवि राय, सह सचिव राकेश पंवार, कोषाध्यक्ष प्रिया, ऑडिटर रविंद्र ग्रेवाल, लाइब्रेरी इंचार्ज पूनम देवी ने शपथ ली। कार्यक्रम में मंच संचालन पूर्व सचिव कृष्ण मलिक ने किया तथा मंच के माध्यम से उन्होंने अधिवक्ताओं को खूब हंसाया। कार्यक्रम के दौरान बार हॉल में आज अधिवक्ताओं के बैठने की जगह भी कम पड़ गई। इस मौके पर इलेक्शन कमेटी के चेयरमैन सुरेश मेहरा व रिटर्निंग अधिकारी विकास बुडानिया ने इलेक्शन कमेटी का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया व सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सर्टिफिकेट प्रदान किए। इस मौके पर भिवानी बार एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।