भिवानी। उमस भरी गर्मी से बुधवार को लोग बेहाल रहे। पंखे और कूलर भी राहत नहीं दे सके। बिजली गुल होने पर घरों में लोग गर्मी से बिलबिला उठे। ऐसे में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.8 डिग्री दर्ज हुआ। गर्मी में कई इलाकों में कम वोल्टेज के चलते कूलर और पंखे भी गर्मी से राहत नहीं दे सके। गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों ने नलकूप, स्वीमिंग पूल और नहरों का रुख किया। वहीं मौसम विभाग के अनुसार वीरवार से मानसून सक्रिय होने के आसार हैं। नागरिक अस्पताल के सीनियर फिजिशियन डॉ. यतिन गुप्ता ने बताया कि गर्मी से बचाव के लिए शुद्ध पानी और अन्य पेय पदार्थों का सेवन करते रहे। साथ ही दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलें। सुबह और शाम के समय व्यायाम अवश्य करें।
बिजली कटों ने रुलाया, कूलर-पंखे फेल
उमस भरी गर्मी में कूलर-पंखे भी जवाब दे गए है। बिजली की डिमांड 60 लाख से बढ़कर 80 लाख यूनिट तक पहुंच गई है। ऐसे में अधिकतर ट्रांसफार्मर भी ओवरलोड चल रहे हैं। जिस कारण बार-बार फॉल्ट आ रहे हैं और बार-बार बिजली कट लग रहे हैं। बिजली कटों के कारण न दिन में आराम है और न ही रात को चैन।