जिले में कोरोना संक्रमण ने एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को आई कोरोना जांच रिपोर्ट में छह संक्रमित मरीज सामने आए हैं और दो मरीज स्वस्थ हुए हैं। इसके बाद कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 13 हो गई है। मंगलवार को कोरोना जांच के लिए 160 सैंपल नागरिक अस्पताल की लैब में भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट बुधवार सुबह तक आने की उम्मीद है। हालांकि कोरोना जांच के 623 सैंपल की रिपोर्ट लंबित है।
लगातार बढ़ रहे कोरोना के केस जिले के लिए बढ़ी आफत बन सकती है। बाजार, सार्वजनिक स्थानों और अस्पतालों में इन दिनों लापरवाही नजर आ रही है। लोगों के चेहरों पर न तो मास्क है और न ही उचित सामाजिक दूरी। ऐसे में अगर समय रहते सावधानी नहीं रखी गई तो संक्रमण अधिक बढ़ सकता है। जिले में कोरोना के कुल 13 सक्रिय मरीज है, जिनमें से 10 मरीज होम आइसोलेट है और तीन मरीजों को अस्पताल में दाखिल करवाया है। वहीं कोरोना के छह मरीज शहरी और सात मरीज ग्रामीण क्षेत्र से हैं। ग्रामीण सीएचसी धनाना में एक, सीएचसी कैरू में दो, सीएचसी मानहेरू में दो, सीएचसी मीरान में एक, सीएचसी जमालपुर एक मरीज है।
वर्जन
इन दिनों कोरोना के नए मरीज सामने आ रहे हैं। ऐसे में सावधानी रखनी आवश्यक है। कोरोना से बचाव के लिए उचित सामुदायिक दूरी और मास्क का प्रयोग करें। साथ ही वैक्सीन के लाभार्थी समय पर वैक्सीन लगवा लें, ताकि संक्रमण से बचाव हो सकें और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ सकें। इसके साथ ही रोजाना सुबह और शाम के समय व्यायाम करें और पौष्टिक आहार का सेवन करें।
- डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन।