भिवानी। जीतूवाला क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से एक दुकानदार की मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंची। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए नागरिक अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मृतक दुकानदार के परिजनों के बयान पर इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।
मामला वीरवार सुबह करीब 11 बजे का है। राजकीय रेलवे पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई धर्मबीर सिंह ने बताया कि उन्हें वीरवार सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली की जीतूवाला रेलवे फाटक के नजदीक एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। मौके पर जाकर देखा तो व्यक्ति की पहचान बैंक कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय रिंकू के रूप में हुई, जोकि दुकानदार था। एसआई धर्मबीर सिंह ने बताया कि मृतक के पिता कृष्ण शर्मा के बयान पर इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। वीरवार दोपहर में पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।