तोशाम (भिवानी)। तोशाम से हिसार मार्ग पर दो कार सवार छह युवकों ने खानक स्थित नाके पर पुलिसकर्मियों के साथ सरकारी कार्य में बाधा डालकर हाथापाई की। युवकों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी। घटना की सूचना नाका कर्मचारियों ने तोशाम थाने में दी। पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में नलवा निवासी सुभाष, कोमल, योगेश, राहुल, निवासी दुबेटा व दो नेपाल के रहने वाले विनोद व पुष्पा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है।
नाके पर कार्यरत मामन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार की रात करीब 12.30 बजे एक कार में तीन युवक सवार होकर आए। तीनों शराब के नशे में धुत थे। उन्होंने नाके के पास गाड़ी रोककर पुलिस कर्मचारियों के साथ गालीगलौज करने लगे। इसके बाद तीनों नलवा की तरफ भाग गए। थोड़ी देर बाद ही नलवा की तरफ से एक कार में और तीन युवक उतरकर नाके पर उनके पास आए।
मामन का आरोप है कि आते ही इन युवकों ने उसके व सोमबीर के साथ मारपीट करने लगे। आरोपियों ने पुलिस कर्मचारियों के वर्दी वर्दी दी। इसके बाद कर्मचारियों ने थाने तोशाम में इस घटना की सूचना दी। इस पर पुलिस टीम नाका पर आई। पुलिस टीम ने कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वाले छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया।