भिवानी। शहर के लोहारू रोड देवीलाल चौक के समीप स्कूटी से घर लौट रहे एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसा गत तीन मार्च रात साढ़े 11 बजे का है। अब इस मामले की शिकायत मृतक युवक के पिता ने शहर थाना पुलिस को दी। जिसके बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
शिकायत में महेंद्रगढ़ के बारड़ा वासी राकेश कुमार ने बताया कि तीन मार्च की रात साढ़े 11 बजे उसका 23 वर्षीय बेटा युगांश लांबा अपने किसी निजी कार्य से निपटने के बाद स्कूटी से घर लौट रहा था। जब वह लोहारू रोड देवीलाल चौक के समीप पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में परिजनों को इसकी जानकारी लगी। सिटी पुलिस थाना प्रभारी रवींद्र कुमार ने बताया कि मृतक युवक का नागरिक अस्पताल में पोस्टमर्टम करा दिया था। मृतक के पिता ने अब इस संबंध में लिखित शिकायत दी है। जिसके बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।