भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने डीएड/डीएलएड प्रवेश-वर्ष 2015-17 (चतुर्थ सेमेस्टर), 2016-18, 2017-19, 2018-20 व प्रवेश वर्ष 2019-21 री-अपीयर व विशेष अवसर परीक्षा मार्च-2021 का परिणाम घोषित कर दिया है। कुल 9889 में से 6603 परीक्षार्थी पास हुए हैं। यानी 66.71 फीसदी परीक्षार्थियों ने सफलता पाई है। छात्र-अध्यापक परीक्षा परिणाम बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर देख सकेंगे। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से 2 मार्च से 15 मार्च तक ये परीक्षाएं करवाई गई थीं।
बोर्ड अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह ने मीडिया को बताया कि डीएड प्रवेश वर्ष 2015 के चतुर्थ सेमेस्टर विशेष अवसर परीक्षा की पास प्रतिशतता 79.32 रही है। इस परीक्षा में कुल 324 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए, जिनमें 257 उत्तीर्ण हुए हैं। बोर्ड चेयरमैन ने बताया कि डीएलएड प्रवेश वर्ष 2016 के प्रथम वर्ष विशेष अवसर परीक्षा की पास प्रतिशतता 79.77 रही है। इस परीक्षा में कुल 257 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए, जिनमें 205 उत्तीर्ण हुए और द्वितीय वर्ष की पास प्रतिशतता 71.74 रही है। कुल 821 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए, जिनमें 589 उत्तीर्ण हुए हैं। डीएलएड प्रवेश वर्ष 2017 के प्रथम वर्ष विशेष अवसर परीक्षा की पास प्रतिशतता 83.80 रही है। 321 छात्र-अध्यापकों में से 269 उत्तीर्ण हुए। द्वितीय वर्ष की पास प्रतिशतता 76.95 रही है। परीक्षा में कुल 269 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए, जिनमें 207 उत्तीर्ण हुए हैं।
डीएलएड प्रवेश वर्ष 2018 के प्रथम वर्ष विशेष अवसर परीक्षा की पास प्रतिशतता 60.59 रही है। इस परीक्षा में कुल 883 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए। जिनमें 535 उत्तीर्ण हुए हैं और द्वितीय वर्ष री-अपीयर परीक्षा की पास प्रतिशतता 80.34 रही है। इस परीक्षा में कुल 2116 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए, जिनमें 1700 उत्तीर्ण हुए हैं।
डीएलएड प्रवेश वर्ष 2019 के प्रथम वर्ष री-अपीयर परीक्षा की पास प्रतिशतता 57.92 रही है। इस परीक्षा में 4898 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए, जिनमें 2,837 उत्तीर्ण हुए हैं। परीक्षा की संस्थावार परिणाम शीट्स (परफॉरमेंस शीट) संस्थाओं की लॉगिन आईडी पर भेजी जाएगी। इस मौके पर बोर्ड उपाध्यक्ष वीपी यादव एवं सचिव राजीव प्रसाद भी उपस्थित रहे।
री-अपीयर/फेल छात्र-अध्यापकों के लिए यह रहेगा आवेदन शुल्क
परीक्षा में री-अपीयर/फेल रहे छात्र-अध्यापकों की आगामी परीक्षा जुलाई-2021 हेतु आवेदन-पत्र संबंधित संस्था की लॉगिन आईडी पर उपलब्ध पैनल के माध्यम से ऑनलाइन भरे जाएंगे। डीएलएड (री-अपीयर/फेल) के लिए परीक्षा शुल्क 800 रुपये प्रति विषय है और एक से अधिक विषयों में री-अपीयर/फेल परीक्षा शुल्क प्रति विषय 200 रुपये अतिरिक्त होगा व अधिकतम परीक्षा शुल्क दो हजार रुपये प्रति छात्र-अध्यापक होगा। आगामी परीक्षा जुलाई-2021 के लिए री-अपीयर/फेल रहे छात्र-अध्यापकों के ऑनलाइन आवेदन-पत्र भरने की तिथियां बिना विलंब शुल्क आठ से 22 अप्रैल तक, 100 रुपये प्रति परीक्षार्थी विलंब शुल्क सहित 23 से 29 अप्रैल तक, 300 रुपये प्रति परीक्षार्थी विलंब शुल्क सहित 30 अप्रैल से छह मई तक और एक हजार रुपये प्रति परीक्षार्थी विलंब शुल्क सहित सात से 13 मई तक आवेदन किया जा सकता है।