शहर में रोड शो निकालते कांग्रेस नेता व अभिनेता राज बब्बर, कामरेड ओमप्रकाश व अन्य।
भिवानी। भिवानी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टियों के साझे उम्मीदवार कामरेड ओमप्रकाश के पक्ष में मतदान की अपील करने सोमवार को कांग्रेस नेता एवं अभिनेता राज बब्बर पहुंचे। हुडा रोड शो की शुरूआत स्थानीय हुडा पार्क से हुई, जिसके बाद हांसी गेट, घंटाघर, बिचला बाजार होकर रोड शो दादरी गेट पर संपन्न हुआ।
राज बब्बर ने कहा कि कामरेड ओमप्रकाश हर वर्ग के सहयोगी है। सामाजिक कार्यों में उनका कोई सानी नहीं है। रोड शो के बाद कामरेड ओमप्रकाश ने भिवानी विधानसभा क्षेत्र के गांव धारेडू, मधमाधवी, ढाणा लाडनपुर, ढाणा नरसान नायक चौपा, जोगी धर्मशाला, हनुमान गेट, आंबेडकर कॉलोनी, सैनी धर्मशाला हनुमान गेट का दौरा कर जनसंपर्क किया और ग्रामीणों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि मैं स्वार्थ के लिए राजनीति में नहीं आया। मेरा लक्ष्य है कि जिस शहर से वर्षों से मैं रह रहा हूं, उस शहर व इलाके के लोगों को गुणात्मक सुविधाएं मिले तथा किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पिछले कई वर्षों से यह देखकर मन क्षुब्ध होता है कि गर्मी के मौसम में आम आदमी को कंठ गीला करने के लिए पानी नहीं मिलता। शहरी क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था जाम रहती है और घंटों बिजली नदारद रहती है।