बहल। चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर बहल पुलिस ने सीआईए भिवानी की टीमों के साथ मिलकर सर्च अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने विभिन्न जगहों पर जाकर घुमंतू लोगों के ठिकानों की तलाशी ली और उनसे पूछताछ की। पुलिस ने बहल के अलावा गांवों में भी लगे डेरों में जाकर जांच की।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से बहल क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही है। कई किसानों के खेतों से कृषि संबंधी सामान चोरी किया जा चुका है। बुधवार की रात को ओबरा गांव में चोरों ने दो घरों में घुसकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। भिवानी सीआईए की दो टीमों के अलावा बहल पुलिस की टीम ने शनिवार को कस्बे में सघन सर्च अभियान चलाया। अनाज मंडी, राजगढ़ रोड सहित अन्य जगह पर झुग्गी झोपड़ी बनाकर रह रहे घुमंतू जाति के लोगों से इस बारे में पूछताछ की।
इसके अलावा पुलिस ने रोढ़ा व गरवा गांव में भी सर्च अभियान चलाया। थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस का प्रयास है कि चोरी की वारदात को शीघ्रता से सुलझाया जाए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने अपने गांव में ठीकरी पहरे के दौरान किसी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाए। गांव में या किसी अन्य जगह पर अवांछित गतिविधियों में शामिल किसी व्यक्ति पर शक हो तो पुलिस को सूचना देने का काम करें।
चोरी की बढ़ती वारदातों को लेकर कस्बे में घुमुंतू लोगों के ठिकानों पर सर्च अभियान चलाते हुए एसएचओ - फोटो : Bhiwani