भिवानी। हरिद्वार व गोमुख से कांवड़ लाने वाले श्रद्धालुओं को रवाना होने से पहले संबंधित पुलिस थाना से अनुमति पत्र लेना होगा। इससे पहले उसे अपने दस्तावेज भी जमा कराने होंगे। इसके लिए जिला पुलिस ने हिदायतें जारी की हैं।
पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान जिले में 19 राइडर, छह पीसीआर व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में पांच पुलिस नाके लगाए हैं। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह ने कांवड़ मेला यात्रा के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व आवश्यक जानकारी एकत्रित करने के सभी थाना प्रभारियों व चौकी इंचार्ज की आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही कांवड़ लेने के लिए जाने वाले सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है कि कांवड़ लेने जाने से पहले सभी श्रद्धालु संबंधित थाना में अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर जानकारी देकर जाएं। इसे अतिरिक्त रजिस्ट्रेशन के लिए उत्तराखंड पुलिस द्वारा भी ऑनलाइन पोर्टल खोला गया है, जिस पर भी रजिस्ट्रेशन कराएं। कांवड़ यात्रा 14 से 26 जुलाई तक चलेगी। श्रद्धालु हरिद्वार से कंावड़ लेकर अपने गंतव्य की तरफ प्रस्थान करेंगे। जिले के बार्डर के जिन मार्गों से कंावड़िय़ों से गुजरते हैं उन सभी मार्गों पर पुलिस कर्मी की ड्यूटी लगाने के साथ ही मुख्य चौक चौराहों पर बैरिकेडिंग कराई जाएगी।