भिवानी। गर्मियों की शुरुआत में जल संकट गहरा गया है। शहर के वार्ड नंबर 25 में पिछले करीब दो सप्ताह से पेयजल की समस्या बनी है। वार्ड के अंतर्गत आने वाले रामगंज मोहल्ला, सैनी पुरा मोहल्ला, कुम्हारों का मोहल्ला, नारनोली मोहल्ला सहित आसपास के क्षेत्र में पेयजल किल्लत बनी है। पेयजल समस्या से परेशान क्षेत्रवासी वीरवार को पार्षद विनोद प्रजापति की अगुवाई में अतिरिक्त उपायुक्त से गुहार लगाने पहुंचे।
क्षेत्रवासियों ने अतिरिक्त उपायुक्त को मांगपत्र सौंपकर समस्या के समाधान की गुहार लगाई। इस दौरान मांगपत्र के माध्यम से चौधरी बंसीलाल पार्क के सुंदरीकरण किए जाने की मांग भी उठाई। पार्षद विनोद प्रजापति ने कहा कि वार्ड नंबर 25 के लोग पिछले दो सप्ताह से पेयजल समस्या से त्रस्त है। इसके कारण लोगों को टैंकरों से पानी खरीद कर पीना पड़ता है। लेकिन विभाग के अधिकारी उनकी समस्या के समाधान करने की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे।
पार्षद विनोद प्रजापति व सुरेश सैनी ने कहा कि चौधरी बंसीलाल पार्क आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए एकमात्र पार्क है। लेकिन पार्क की स्थिति भी इन दिनों दयनीय है। पार्क में न तो साफ सफाई है, न ही लाइट की व्यवस्था है। देखभाल की कमी के कारण पार्क की स्थिति खराब होती जा रही है। इसके अलावा पार्क में चौकीदारी की व्यवस्था करने की मांग भी मांगपत्र के माध्यम से उठाई। समस्या का समाधान न होने पर क्षेत्रवासियों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। इस मौके पर प्रदीप मास्टर, चंदन बर्मन, राजीव बेड़वाल, मुंशी राम मौजूद रहे।