भिवानी। कोहरे का कहर अब लोगों की जिंदगी पर भी भारी पड़ रहा है। कोहरे की वजह से सड़क हादसों में भी अचानक ही इलाफा हो चुका है। पिछले एक सप्ताह में कोहरे की वजह से आठ से दस सड़क हादसे हो चुके हैं। इनमें पांच लोगों ने अलग-अलग हादसों में अपनी जान गंवाई है।
वहीं शनिवार को भी जूई कलां क्षेत्र में सड़क पर अचानक नीलगाय आगे आने से 17 साल के युवक की मौत हो गई जबकि पिछले सप्ताह भी नीलगाय की वजह से एक युवक ने अपनी जान गंवा दी थी। उसकी इसी माह शादी होनी थी। लावारिस पशु भी मुख्य सड़कों पर रात के समय डेरा डाल रहे हैं, इनकी वजह से भी सड़क हादसों का हमेशा अंदेशा बना रहता है।
सड़कों पर बिना इंडिकेटर जलाए वाहनों को खड़ा करना भी हादसे का कारण हो रहे हैं। शुक्रवार को इसी वजह से रोडवेज बस हादसे का शिकार हो गई थी। वहीं स्टेट हाईवे और नेशनल हाईवे पर कोहरे के दौरान वाहन चालकों को रास्ता दिखाने के लिए सफाई पट्टी और दुर्घटना संभावित बिंदुओं पर संकेतक लगाए जा चुके हैं, बावजूद हर साल वहां अत्यधिक हादसे हो रहे हैं। इनमें साल दर साल कोई कमी नहीं आ रही है। हालांकि पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन भी सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाता है।
सामाजिक संगठन भी अपनी भागेदारी निभा रहे हैं। लेकिन सड़क हादसों में कोई कमी नहीं है। इसी तरह 152डी नेशनल हाईवे पर भी शुक्रवार सुबह भिवानी से चंडीगढ़ जाते समय एक बस कोहरे में सड़क पर खड़े ट्राले से टकरा गई थी। इस हादसे में चालक की सतर्कता से सवारियों की जान बच गई, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी। लेकिन कोहरे में इस तरह सड़क पर खड़े वाहन और लावारिस पशु अधिकांश हादसों की वजह बन लोगों की जान भी जोखिम में डाल रहे हैं।
सड़कों पर अब भी साढ़े तीन हजार से अधिक लावारिस पशु
शहर व आसपास के ग्रामीण इलाकों में अब भी करीब साढ़े तीन हजार से अधिक लावारिस पशु सड़कों पर घूम रहे हैं। ये लावारिस पशु रात के समय सड़कों पर आ जाते हैं। इसकी वजह से हादसों की संभावनाएं बढ़ रही हैं। वहीं गोशालाओं और नंदीशालाओं ने भी नए लावारिस पशुओं को लेना बंद कर दिया है। इसकी वजह गो सेवा आयोग से बजट को लेकर मामला अटका है। इसकी वजह से जिला प्रशासन और नगर परिषद का लावारिस पकड़ो अभियान भी ठप पड़ा है।
नीलगाय व बाइक की टक्कर में जुई के एक युवक की मौत, एक घायल
जूई कलां। एक विवाह समारोह में जा रहे जूई की युवक रवि (17) की बाइक की नीलगाय से टक्कर हो गई। इससे पीछे बैठे रवि की मौत हो गई। वहीं उसके दोस्त चालक संदीप को गंभीर चोट आई है, जिसका भिवानी इलाज चल रहा है।
जूई थाना पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और घायलों को भिवानी नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। रवि को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया, जिसका पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पिता सुरेंद्र की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।
जुई थाना में दी शिकायत में मृतक रवि के पिता सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उसका पुत्र रवि व उसका दोस्त संदीप एक विवाह समारोह में जा रहे थे। चंद्राबास के नजदीक उनकी बाइक नीलगाय से टकरा गई। इसकी वजह से रवि का सिर किसी पत्थर या सड़क से टकरा गया। दोनों को राहगीरों ने भिवानी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। घायल संदीप का इलाज चल रहा है। जूई थाना प्रभारी संजय कुमार व आईओ उदयभान ने बताया कि मृतक रवि के पिता सुरेन्द्र के बयान पर मामला दर्ज किया है।
रवि की भी नीलगाय सड़क पर आने से गई थी जान
गांव मंढाण निवासी रवि (24) गत आठ नवंबर देर रात एक बजे अपनी गर्भवती भाभी के लिए बाइक से गांव मिरान में दवा लेने के लिए जा रहा था। जब वह मिरान के समीप खेल स्टेडियम के पास पहुंचा तो अचानक ही एक नीलगाय आगे आ गई थी। इससे उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ा और बाइक दूर तक सड़क पर ही जा घसीटती चली गई थी। परिजनों ने बताया था कि रवि दो भाईयों में छोटा था और नवंबर में ही उसकी शादी भी होनी थी।
घर के बाहर बैठे व्यक्ति पर भी टूट पड़ा था लावारिस पशु
हनुमान ढाणी कोयला भट्ठी क्षेत्र में एक व्यक्ति पर घर के बाहर बैठने के दौरान ही वहां पर एक लावारिस गाय उस पर टूट पड़ी। गाय ने उसे सिंगों में उठाकर पटक दिया था। जिसकी वजह से इलाज के दौरान उस व्यक्ति ने दम तोड़ दिया था।
ये रखें सावधानी
-कोहरे में वाहन चलाते समय हैडलाइट व इंडीगेटर का इस्तेमाल करें।
-वाहन के आगे और पीछे की लाइट धुंध और रात के समय हमेशा जलाकर चलें।
-वाहन में रिफ्लेक्टर का भी प्रयोग करें। साइड में भी रिफ्लेक्टर लगाएं ताकि अचानक किसी मोड़ पर वाहन दूर से ही आने का आभास हो जाए।
-बड़े वाहनों पर आगे पीछे और साइड में रिफ्लेक्टर के अलावा फॉग लाइटें अवश्य रूप से प्रयोग करें।
-कोहरे के दौरान आगे चल रहे वाहन से उचित दूरी पर अपना वाहन रखें।
-वाहन को निर्धारित और धीमी गति से ही चलाएं।
जिला यातायात पुलिस की ओर से वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस संबंध में एनजीओ के सदस्यों की भी मदद ली जा रही है। कोहरे और धुंध के दौरान वाहन चलाने के प्रति विशेष सावधानियों से जुड़े पंफलेट और जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए हैं। हादसों से बचाव के लिए संबंधित विभागों से भी लावारिस पशुओं की व्यवस्था कराए जाने के संबंध में हिदायतें दिलाई जा रही हैं।
-सुरेश कुमार, प्रबंधक, जिला यातायात पुलिस भिवानी।