भिवानी। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए कवायद शुरू कर दी है। पुलिस ने अब चुनावी ताल में हिंसात्मक गतिविधियों पर विराम लगाने के लिए ग्राम प्रहरी और समन्वय कमेटियों को ढाल बनाया है। इनके माध्यम से पुलिस भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने का काम करेगी।
लोकसभा चुनाव के दौरान ग्राम प्रहरी नशा बिक्री और आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी बनाए रखेंगे। पुलिस पब्लिक तालमेल कमेटियां चुनावों के दौरान सभी समुदायों और वर्गों में आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएंगी। भिवानी जिले के 302 गांवों और कस्बों में 319 ग्राम प्रहरी और वार्ड प्रहरी बनाए हैं, जिनका काम नशे के कारोबारियों और अपने इलाके में आपराधिक गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखना और इसकी तत्काल पुलिस को सूचना देना है।
भिवानी जिले में चुनाव के दौरान संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथ भी बनाए जाने हैं। पुलिस प्रशासन ने जिले के प्रत्येक गांव में पुलिस पब्लिक तालमेल कमेटियां गठित की हैं। प्रत्येक कमेटी में गांव के 40 से 50 मौजिज लोगों को शामिल किया गया है। इसमें उन लोगों को प्राथमिकता दी है, जिनकी गांव में अच्छी पकड़ है। ये तालमेल कमेटियां अब तक गांव में छोटे मोटे झगड़े, आपसी मनमुटाव दूर कराने व पारिवारिक मामलों को सुलझाते रही हैं। अब इनके कंधों पर चुनावी माहौल में आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की जिम्मेदारी भी पुलिस प्रशासन द्वारा सौंपी जाएगी।
अब तक मिले हैं पुलिस को सकारात्मक नतीजे
पुलिस प्रशासन ने ग्राम प्रहरी और समन्वय कमेटियां बनाए जाने के अब तक सकारात्मक नतीजे मिले हैं। इन सबसे अहम पुलिस ने गांव में नशाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खेल स्टेडियम की शुरुआत भी की है। इससे युवाओं को नशा से दूर उन्हें नई दिशा देने में भी सुखद नतीजे मिले हैं। चुनावों के दौरान भी गांवों में सबसे अधिक माहौल बिगड़ने की आशंकाएं रहती हैं। ऐसी परिस्थिति में ग्राम स्तर पर बनाई पुलिस पब्लिक तालमेल कमेटियां किसी भी बड़ी अनहोनी को रोकने में समय रहते जरूरी कदम उठाने में कारगर साबित होंगी।
जिलास्तर पर भी 15 सदस्यीय तालमेल कमेटी गठित
पुलिस और पब्लिक के बीच आपसी तालमेल बनाए रखने के लिए जिलास्तर पर भी 15 सदस्यीय तालमेल कमेटी बनी है। इसके अलावा जिले भर में 10 पुलिस थानों पर भी प्रत्येक पर एक-एक पुलिस पब्लिक तालमेल कमेटी काम कर रही हैं। इसी तरह गांवों में भी अलग से पुलिस पब्लिक तालमेल कमेटियां काम कर रही हैं।
चुनावी माहौल में पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। शांतिपूर्वक चुनाव कराने के साथ-साथ पुलिस प्रशासन का यह भी प्रयास रहेगा कि किसी भी गांव में आपसी भाईचारा और सौहार्द न बिगड़े। इस कार्य में ग्राम प्रहरी और पुलिस पब्लिक तालमेल कमेटियों को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है। ये कमेटियां अपने गांव में नशा और अपराध के खिलाफ पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर सकारात्मक और सराहनीय कार्य कर रही हैं, लोकसभा चुनावों में शांतिपूर्वक मतदान कराने में भी इनकी भागीदारी अहम रहेगी।
-वरुण सिंगला पुलिस अधीक्षक भिवानी।