। पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला बैठक में एसपीओ को युवाओं को ग्राम स्तर पर खेलों के प्रति प्रेरित कर
भिवानी। पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने प्रदेश में युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने पर उन्हें नशे से दूर रखने की मुहिम चलाई है। इसी कड़ी में सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बैठक हुई। पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने पुलिस विभाग के विभिन्न खेलों से जुड़े कर्मचारियों को जिले के चिह्नित 36 गांवों में युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किए जाने का निर्देश दिया। इस मुहिम के आईपीएस लोगेश कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि पुलिस में कार्यरत रिटायर्ड एसपीओ, जिनकी उम्र 50 साल से कम है या सेना व पैरामिलिट्री के खेलों में अपनी सेवाएं दे चुके लोगों को जिले के 36 चिह्नित गांवों में नियुक्त किया जाएगा। वहीं जरूरत पड़ी तो और एसपीओ की भर्ती की जाएगी। नशे से युवाओं को उबारने के लिए खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया जाएगा। खिलाड़ियों की टीम तैयार करवाकर जिला स्तरीय व प्रदेश स्तर पर खेलों के मुकाबले का आयोजन करवाया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस विभाग में चिह्नित किए गांवों में एसपीओ खिलाड़ियों की नियुक्ति की जाएगी। जिला पुलिस का प्रथम कार्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण व समाज निर्माण में अपनी भागीदारी बढ़ाना व खेलों के द्वारा अपनी प्रतिभा से सफलता प्राप्त करना है। इस मुहिम के संबंध में पुलिस अधीक्षक भिवानी व सहायक पुलिस अधीक्षक भिवानी ने अलग-अलग बैठक कर पुलिस में कार्यरत खिलाड़ियों व चिह्नित गांव में खेलों में अपनी सेवाएं दे रहे पूर्व सैनिक व मिलिट्री से रिटायर्ड व्यक्तियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।