भिवानी। नया साल जिला वासियों के लिए कई मायनों में काफी अहम होगा, क्योंकि जिला वासियों को नए साल में कई बड़ी परियोजनाओं के पूरा होने की सौगात मिलेगी, जो पिछले दो साल से चली आ रही थी। जिन पर अब नए साल में काम पूरा होगा और उनका फायदा भी जिले के लोगों को मिलना शुरू हो जाएगा।
जिले में मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय जैसी सुविधाएं मूर्त रूप ले सकती हैं। इससे रोजगार बढ़ेगा और जिला विकास की नई बुलंदियों को छुएगा। कई परियोजनाएं ऐसी हैं जो सीधे लोगों से जुड़ी हैं। सड़क और सीवर के मामले में भी शहरवासियों को नए साल में काफी राहत मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज का भवन भी अस्तित्व में आया
करीब साल भर से मेडिकल कॉलेज निर्माण की बड़ी परियोजना पर काम चल रहा है। साल के अंत तक मेडिकल कॉलेज की तीन जगह चल रहे काम पर भवन का आधारभूत ढांचा तैयार हो चुका है, जिस पर अब इमारत खड़ी की जा रही है। ये कार्य नए साल में काफी प्रगति पर रहेगा।
मार्च से पहले बनकर तैयार होगा शहर का सबसे बड़ा तोशाम बाईपास पुल
मार्च 2020 तक शहर के तोशाम बाईपास के डबल रेलवे फाटक पर बनने वाला रेलवे ओवरब्रिज भी बनकर तैयार हो जाएगा। इस पर मार्च तक ट्रैफिक चलना भी शुरू होगा। इस परियोजना पर युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। एनजीटी के आदेशों के बाद कुछ माह से काम रुका हुआ था, लेकिन अब काम फिर शुरू हो गया है। तोशाम बाईपास डबल फाटक पर 25 करोड़ की लागत से 1100 मीटर लंबा आरओबी बन रहा है, जबकि करीब 12 करोड़ की लागत से रेलवे इस पुल पर दो जगह टॉप सेक्शन बना रहा है। पुल का 75 फीसदी काम पूरा हो चुका है।
13 किलोमीटर लंबा बाईपास भी बनकर होगा तैयार
नव वर्ष में शहर का सबसे लंबा बाईपास भी बनकर तैयार हो जाएगा। रोहतक रोड के गांव निनान से लोहारू रोड और फिर लोहारू रोड से दादरी रोड को जोड़ने वाले बाईपास पर निर्माण कार्य चल रहा है। ये कार्य भी नए साल में अप्रैल से पहले पूरा होने की उम्मीद है, जबकि कुछ हिस्से में काम साल के अंत तक पूरा होने की भी संभावनाएं जताई जा रही हैं। बाईपास बनने के बाद दिल्ली, रोहतक से लोहारू, महेंद्रगढ़, दादरी, पिलानी व राजस्थान की तरफ जाने वाले वाहनों को शहर में प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और जाम से भी शहर को निजात मिलेगी।
कन्या स्कूल की भी मिलेगी शहर को सौगात
शहर को नए साल में एक नए कन्या स्कूल की भी सौगात मिल जाएगी। जिसका काम भी अंतिम चरण में है। शहर के भगत सिंह चौक के समीप ही सेक्टर 14 में नया कन्या स्कूल का भवन निर्माण का काम चल रहा है। इस भवन का ढांचा लगभग बनकर तैयार हो चुका है। इस भवन को नए साल में बालिकाओं की पढ़ाई के लिए शुरू किए जाने की उम्मीद है। विद्यालय के नए भवन का निर्माण पूरा होते ही इसे शिक्षा विभाग को सौंप दिया जाएगा।
नए वाटर टैंक से बुझेगी पुराने शहर की प्यास
शहर के पुराने जलघर में नया वाटर टैंक का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। नए वाटर टैंक में करीब 14 करोड़ 39 लाख 10 हजार लीटर पानी संग्रहण की क्षमता होगी। जिसके बाद पुराने शहर को गर्मी के मौसम में भी जल संकट नहीं झेलना पड़ेगा और पर्याप्त पानी की आपूर्ति भी मिलेगी। इस टैंक को मार्च से पहले पब्लिक हेल्थ विभाग को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल अमरूत योजना के तहत नगर परिषद नए टैंक का निर्माण करा रही है।
कई नई कॉलोनियों में पहुंचेगी पानी और सीवर लाइन
अमरूत के तहत करीब 79 करोड़ की परियोजना पर बाहरी कॉलोनियों में नई पानी व सीवर लाइन डालने का काम चल रहा है। इसके तहत करीब 52 से अधिक कॉलोनियों में नई सीवर व पानी की लाइन डाली जा रही है। मार्च तक ये काम पूरा होने की उम्मीद है। जिसके बाद यहां पानी और सीवर की सुविधा भी लोगों को मिलने लगेगी, वहीं पुराने शहर में भी नई सीवर लाइन डालने के काम के पूरा होने पर ठप सीवर व्यवस्था से निजात मिलेगी। फिलहाल दादरी गेट व घोसियान चौक क्षेत्र में पुराने सीवर की जगह नए सीवर निर्माण का काम चल रहा है।
शिक्षा बोर्ड का होगा भव्य मुख्य द्वार
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का भव्य मुख्य द्वार भी बनकर तैयार हो चुका है। नए साल में इस द्वार को भी आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इस भव्य द्वार के निर्माण पूरा होने के बाद शिक्षा बोर्ड की भव्यता को भी चार चांद लग जाएंगे।
सीबीएलयू को मिलेगा नया खंड का भवन
गांव प्रेमनगर में सीबीएलयू के नए भवन का निर्माण काम चल रहा है। एक खंड का काम पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे खंड का काम भी प्रगति पर है। नए साल में दूसरे खंड का निर्माण काम पूरा होने की उम्मीद बनी है। जिसके बाद जिले के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।
प्लांट से मिलेगी जिले के लोगों को ऑक्सीजन
कोरोना के बुरे अनुभवों को लेकर नए साल में पदार्पण के बाद स्वास्थ्य विभाग ने ऑक्सीजन की कमी को दूर करने के लिए नए प्लांट लगाने शुरू किए हैं। जिला मुख्यालय पर ऑक्सीजन प्लांट लग चुका है। जिसकी क्षमता भी बढ़ाई जाएगी वहीं उपमंडल स्तर पर भी ऑक्सीजन प्लांट शुरू होंगे।
चिड़ियाघर में दहाड़ेगा नया शेर
नए साल में मिनी जू में भी नया शेर आएगा। इसके यहां लाने की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। नए साल में लोग चिड़ियाघर में अपने बच्चों के साथ नए शेर का भी दीदार कर सकेंगे।
नए लुक में दिखेगा बस स्टैंड
नए साल में बस स्टैंड भी नए लुक में नजर आएगा। हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन के माध्यम से रोडवेज विभाग करीब एक करोड़ के बजट से भिवानी बस स्टैंड सहित तोशाम व लोहारू के बस स्टैंड का जीर्णोद्धार का काम करा रहा है। इसमें बस स्टैंड पर नए साल में यात्रियों को नई सुविधाएं भी मिलेंगी।
मिलेगी शहर को नई सरकार
2022 में शहर को नई सरकार मिलेगी। फरवरी 2020 में वर्तमान नगर परिषद का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। जिसके बाद नई नगर परिषद कार्यकारिणी का गठन होगा। इसके लिए नए साल में ही चुनाव होंगे और शहर को नई मजबूत सरकार मिलेगी। शहर में 31 वार्ड हैं और करीब डेढ़ लाख मतदाता हैं। ढाई लाख जनसंख्या वाले शहर में महिला के हाथ में प्रधानी होगी।