भिवानी शहर के वार्ड 28 और 29 में जनसमस्याएं सुनते अधिकारी।
भिवानी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने वार्ड नंबर 28 के लिए बर्तन बाजार, मस्ता वाली गली में खारी कुई पर और वार्ड 29 के लिए नया बाजार स्थित हनुमान मंदिर में जनता दरबार लगाया। जनता दरबार में लोगों ने विभाग के अधिकारियों के समक्ष सीवरेज सफाई व पर्याप्त पेयजल मुहैया करवाने की मांग रखी। जनता दरबार में विभाग के अधिकारियों ने लोगों की पेयजल और सीवरेज सफाई से संबंधित समस्याएं सुनीं और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
विभाग के उपमंडल अभियंता सूर्य प्रकाश जैन व सतीश कुमार, कनिष्ठ अभियंता पंकज शर्मा ने लोगों की पेयजल व सीवरेज सफाई से संबंधित समस्याएं सुनीं। वार्ड 28 के लोगों ने अधिकारियों के समक्ष पेयजल आपूर्ति को सुबह 3.30 की बजाय 4.30 बजे करने की मांग रखी। अधिकारियों ने कहा कि नागरिकों की सहमति पर समय में बदलाव कर दिया जाएगा। इसी प्रकार से वार्ड 29 में नागरिकों ने अधिकारियों ने बताया कि उनको पीने के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है।
गलियों में पूरा पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों ने कुछ गलियों में नई पाइप लाइन डलवाने की मांग रखी। अधिकारियों ने नागरिकों को आश्वासन दिया कि लोगों को पेयजल से महरूम नहीं होने दिया जाएगा। विभाग पेयजल आपूर्ति के लिए पूरी तरह गंभीर है। कम पानी होने के चलते पानी की राशनिंग भी करनी पड़ती है। इस दौरान संबंधित वार्ड के पार्षद व नागरिक मौजूद रहे।