दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709ई पर गांव निनान में ग्रामीणों ने सोमवार सुबह करीब आठ बजे जाम लगा दिया। ग्रामीण नेशनल हाईवे पर रोजाना हो रहे सड़क हादसों से भड़क उठे। सोमवार अल सुबह भी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक सांड़ व एक बछड़े की मौत हो गई थी। जिसको लेकर ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर लावारिस पशुओं के शवों को रखकर जाम लगाकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर पिछले एक सप्ताह में 5-6 पशुओं की मौत हो चुकी है। सूचना पाकर औद्योगिक पुलिस थाना एसएचओ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे वहीं मामले की जानकारी एनएचएआई के अधिकारियों को भी दी गई।
गांव निनान वासी मनीष शर्मा, विकास यादव, संदीप धनखड़, संजय राजपूत, सादल, सुलतान राठी, अनिल शर्मा, मोहित ओला ने बताया कि दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे सड़क पर गांव निनान में मुख्य सड़क पर कोई ब्रेकर नहीं है। इस वजह से यहां रोजाना ही तेज रफ्तार वाहनों के कारण लावारिस पशुओं की मौत हो रही है। लोग भी हादसों के शिकार हो रहे हैं। रात के समय स्ट्रीट लाइट भी नहीं जलती। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दिन पहले पब्लिक हेल्थ ने पाइपलाइन डालने के लिए नेशनल हाईवे सड़क की खुदाई कर दी थी। जिस हिस्से को भी अभी तक ठीक नहीं किया गया है। इस वजह से भी यहां वाहन चालक हादसाग्रस्त हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि नेशनल हाईवे के अधिकारियों को भी इस संबंध में अवगत कराया, मगर कोई समाधान नहीं हुआ। अधिकारियों ने दो दिन में समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, इस पर ग्रामीण मान गए।
बसों से नीचे उतर पैदल ही चल पड़े मुसाफिर
सड़क पर करीब दो घंटे तक जाम लगने के कारण बसों में सफर कर रहे मुसाफिर छोटे बच्चों व महिलाओं के साथ पैदल ही चलने लगे। पैदल चलने वालों की लंबी कतारें भी सड़क पर दिखाई दी वहीं जाम के कारण वाहन भी काफी देर तक फंसे रहे।
पुलिस ने मिनी बाईपास पर डायवर्ट किए वाहन
निनान में जाम लगाने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने मिनी बाईपास पर वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया। मिनीबाईपास के रास्ते से वाहनों को आगे रवाना किया। पुलिस ने नया बस स्टैंड के समीप काफी देर मोर्चा संभाले रखा और रोहतक की तरफ जाने वाले वाहनों को मिनी बाईपास पर भेजा।
वर्जन
गांव निनान में सड़क पर जाम की सूचना मिली थी। जिसके बाद मैं खुद मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों की मांग पर सड़क पर रबल स्लीपर लगवाया जाएगा। ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवा दिया।
-नारायण जेई, एनएचएआई रोहतक मंडल।
वर्जन
ग्रामीणों ने लावारिस पशुओं की मौत के बाद नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया था। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझा बुझाकर रास्ता साफ करा दिया वहीं लावारिस पशुओं का भी पोस्टमार्टम कराए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई।
-रणबीर सिंह, एसएचओ, औद्योगिक पुलिस थाना भिवानी।