स्वर्णकारों की बैठक में दिशा-निर्देश देते डीएसपी विरेंद्र सिंह।
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। स्वर्णकार अपनी दुकानों पर अच्छी क्वालिटी के कैमरे लगाएं। किसी भी व्यक्ति को सोना बेचने व लेने पर उसकी आईडी के साथ पूरा पता अपने रजिस्टर में दर्ज करें। यह बात वीरवार को सिविल लाइन थाने में स्वर्णकारों की बैठक में डीएसपी विरेंद्र सिंह ने कही।
उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन के चलते बाजारों में इस समय बहुत भीड़ होगी। इस दौरान असामाजिक तत्व भी ताक में रहते हैं। इसको लेकर किसी को भी सोना खरीदते और बेचते समय अधिक सावधानी बरतते हुए उक्त व्यक्ति की आईडी व उसका स्थायी पता मोबाइल नंबर के साथ अपने रजिस्टर में दर्ज करें। सोने के आभूषण या अन्य वस्तु खरीदते वक्त बेचने वाले व्यक्ति की पूरी तसल्ली के बाद ही खरीदें, क्योंकि चोरी का सामान खरीदने व बेचने वाले दोनों ही अपराधी होते हैं। इसके साथ ही खरीदे गए सोने की कीमत उक्त व्यक्ति के खाते या चेक के माध्यम से दें।
उन्होंने बैठक में स्वर्णकारों को अपने प्रतिष्ठान पर रात को चौकीदार की व्यवस्था करने के भी आदेश दिए। अपने समान की हिफाजत करना हम सब की भी जिम्मेदारी बनती है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में डायल 112 पर काल करें और आप सभी के पास अपने नजदीकी पुलिस थाना प्रबंधक और चौकी प्रभारी का भी फोन नंबर होना चाहिए। अपनी दुकान के पास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें और अगर कोई वारदात हो जाती है तो आरोपियों को पहचानने में पुलिस का सहयोग करें। इस अवसर पर प्रबंधक थाना सिविल लाइन भिवानी निरीक्षक रमेश कुमार, अरविंद सोनी, रविंदर, बंसीलाल, मोनू, सुरेंद्र, जय नारायण, नीरज, सूरत सिंह, अमित राघव व जितेंद्र स्वर्णकार उपस्थित रहे।