भिवानी। धोखाधड़ी कर फर्जी कागजात तैयार करवाकर बैंक से 24 लाख 20 हजार रुपये का लोन लेने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव बड़दू निवासी नरेंद्र ने बताया था कि आरोपी ने अपने पिता के नाम की जगह उसके पिता का फर्जी तरीके से आधार व पैनकार्ड तैयार करवा लिया। इसके बाद जमीन के फर्जी कागजात तैयार करवाकर सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक से 24 लाख 20 हजार रुपये का लोन पास करवा लिया। पुलिस प्रवक्ता अभिषेक यादव ने बताया कि इस संदर्भ में सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़ित नरेंद्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सिविल लाइन थाना पुलिस के एएसआई संजय ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नया बाजार निवासी हरीश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। एएसआई संजय ने बताया कि इस मामले में अभी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।