भिवानी। जिले के गांव धनाना में राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने जय भारत सत्याग्रह के तहत आयोजित हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार झूठ, लूट और फूट की बुनियाद पर खड़ी है। दोनों पार्टियों ने चुनाव के समय जनता से किया कोई वादा पूरा नहीं किया। प्रदेश की जनता अपने आप को ठगा हुआ मान रही है। जबकि चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा 10 साल मुख्यमंत्री रहे लेकिन कोई भी वादा ऐसा नहीं किया जो पूरा न किया हो।
उन्होंने कहा कि बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में किसानों की मांग के अनुरूप कम से कम 25 हजार से लेकर 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की किसानों की मांग को सरकार तुरंत स्वीकार करे। उन्होंने मांग की कि सरकार 15 दिनों में नुकसान का आकलन कर किसानों को मुआवजा दे नहीं तो आंदोलन का सामना करने के लिये तैयार रहे।
उन्होंने कहा कि हुड्डा सरकार के 10 साल में जो हरियाणा अमनचैन, विकास और खुशहाली की तरफ बढ़ता रहा। वो हरियाणा आज विकास में पिछड़कर 19वें नंबर पर पहुंच गया। भारत सरकार के आंकड़े बताते हैं कि हरियाणा बेरोजगारी में देश में नंबर एक पर है। हर घर में बेरोजगार नौजवान हैं। न प्राइवेट सेक्टर में न ही सरकारी क्षेत्र में कोई रोजगार आया। हरियाणा में दो लाख सरकारी पद खाली पड़े हैं।
दीपेंद्र ने कहा कि लोकसभा चुनाव बेहद करीब है और बस लगभग एक साल का समय बचा है। अब भाजपा सरकार के जाने का समय आ गया है। हरियाणा को विकास की तरफ ले जाने वाली कांग्रेस सरकार फिर आएगी। दीपेंद्र ने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो यानी हरियाणा के हर भाई को प्रेम की डोर से जोड़ो, किसान को एमएसपी गारंटी से जोड़ो, नौजवानों को रोजगार से जोड़ो। कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम और बुजुर्गों को देश में सबसे ज्यादा 6000 रुपये बुढ़ापा पेंशन से जोड़ो। गरीब परिवारों को 100-100 गज के मुफ्त प्लाट व दो कमरे के मकान से जोड़ो। हर परिवार को 300 यूनिट फ्री बिजली से जोड़ो। खिलाडिय़ों को पदक लाओ पद पाओ नीति से जोड़ो, हर गृहिणी को 500 रुपये में घरेलू गैस सिलिंडर से जोड़ो, ओबीसी वर्ग की आय सीमा छह लाख से बढ़ाकर 10 लाख से जोड़ो।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रणबीर सिंह महेंद्रा, पूर्व सीपीएस राम किशन फौजी, प्रो. वीरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक डॉ. शिवशंकर भारद्वाज, पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, पूर्व विधायक नरेश सेलवाल, संदीप तंवर, बजरंग दास गर्ग, ठाकुर लाल सिंह, मनीषा सांगवान, पवन बवानीवाला, प्रदीप गिल, विकास, धीरज, विजय जटाई, विनोद भूषण दहिया, नरेंदर गागरवास, अभिजीत लाल सिंह, ईश्वर शर्मा, अशोक कादियान, अनूप बड़ेसरा, सतीश बंधु, अजय वैद्य, मोहित लाठर, अजीत बामला, रणदीप हुड्डा, जयवीर मातनहेल, संदीप खरकिया, सरला हुड्डा, सुनील, संदीप मौजूद थे।