हरियाणा के भिवानी के लोहारू में चुनावी कार्यालय के उद्घाटन के दौरान दो कांग्रेस नेताओं के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों ही तरफ से कार्यकर्ताओं में खूब तीखी नोंकझोंक हुई। नौबत यह आई कि भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवार राव दान सिंह को भी वहां से सुरक्षित निकालना पड़ा। मामला रविवार का है।
सोशल मिडिया पर भी कार्यकर्ताओं के बीच नोंकझोंक का वीडियो वायरल हुआ है। उनके बीच राव दान सिंह भी फंस गए। लोहारू में पूर्व विधायक चौ. सोमबीर सिंह और कांग्रेस नेता राजपबीर सिंह फरटिया के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। समर्थक एक दूसरे के साथ धक्का मुक्की करने लगे और कांग्रेस प्रत्याशी की मौजूदगी में ही नोंकझोंक शुरू हो गई।
लोहारू में रविवार दोपहर करीब तीन बजे चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया जाना था, मगर राव दान सिंह काफी घंटों के इंतजार के बाद रात दस बजे पहुंचे थे। बतां दें कि राजबीर फरटिया और सोमबीर दोनों ही कांग्रेस नेता हुड्डा गुट के माने जाते हैं।
जबकि रविवार को ही राव दान सिंह के समर्थन में किरण चौधरी आने से उसकी मुश्किलें थोड़ी आसान हुई थी, मगर रात को ही कार्यकर्ताओं के बीच इस तरह के विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर आ गया।
वहीं इस मामले में पूर्व विधायक सोमबीर सिंह का कहना है कि ये कार्यकर्ताओं के बीच कोई आपसी कहासुनी हुई थी, कोई बड़ी बात नहीं थी। वहीं जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन राजबीर सिंह फरटिया का कहना है कि कांग्रेस एक परिवार है, इसमें थोड़ा बहुत तो चलता ही रहता है।