तोशाम में कृषिमंत्री का स्वागत करते कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : Bhiwani
तोशाम (भिवानी)। कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि किसान हित को सर्वोपरि मानते हुए सरकार किसान के लिए बीज से लेकर बाजार तक की व्यवस्था कर रही है। किसान को खाद, बीज, नहरी पानी की व्यवस्था में कमी नहीं रहने दी जाएगी। कृषि मंत्री ने कहा कि पिछले आठ साल में सरकार ने किसान, गरीब, मजदूर हित में अनेक योजनाएं बनाकर सीधा लाभ पहुंचाने का काम किया है।
कृषि मंत्री मंगलवार को गांव सागवान निवासी रामफल पायल की सेवानिवृत्ति व उनके पौत्र के दशोटन पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों से बातचीत कर रहे थे। कृषि मंत्री ने मुआवजा राशि पर बोलते हुए कहा कि सरकार एक पोर्टल लॉन्च करेगी, जिसके तहत फसल खराब होने पर किसान स्वयं अपनी फसल के नुकसान का आकलन कर सकेगा। इससे पारदर्शिता आएगी। उन्होंने कहा की किसानों की फसल उत्पाद एमएसपी से ज्यादा रेट पर खरीदे जा रहे हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार किसान की फसल को जोखिम फ्री कर रही है। चालू खरीफ फसल में मूंग फसल को भी पीएम फसल बीमा योजना में शामिल किया गया है। कृषि मंत्री ने ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत किए गए मांगपत्र पर कहा कि प्राथमिकता के आधार पर सभी मांगों को पूरा किया जाएगा। कृषि मंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनीं व उनके निदान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर रामफल पायल ने पगड़ी पहनाकर कृषि मंत्री को सम्मानित किया। इस मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के जिला प्रधान कुलदीप पायल, प्रवीण पायल, पूर्व प्रधान टोनी बराला, गजानंद अग्रवाल, मीडिया कोऑर्डिनेटर रणसिंह गाढ़ा, शैली काद्यान, सुरेश खटक, मंत्री के निजी सचिव जेपी दुबे, महासिंह श्योराण, एडवोकेट राकेश नेहरा, कुलदीप पटौदी, जितेंद्र पायल, बिजेंद्र सिंह, मांगेराम गुर्जर उपस्थित रहे।