तोशाम (भिवानी)। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए अभियान चलाकर दो घी की फैक्टरियों से देशी व वनस्पति घी के और एक बैकरी से केक व बिस्कुट के सैंपल लिए। टीम ने सैंपल सील कर जांच के लिए लैब में भेज दिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. जोगेंद्र के नेतृत्व में शनिवार को टीम का गठन किया गया। डॉ. जोगेंद्र ने बताया कि उन्हें तोशाम इलाके में नकली घी बनाने की सूचना मिल रही थी। सूचनाओं के आधार पर टीम का गठन किया गया। टीम ने शनिवार को तोशाम में प्रधान ट्रेडिंग कंपनी से देशी व गौरव ट्रंडिग कंपनी से वनस्पति घी के सैंपल लिए। उसके बाद टीम बाजार में पहुंच गई। टीम की सूचना मिलते ही किराना व मिठाई सहित खाद्य सामग्री रखने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया। दुकानदार दुकानों के शटर नीचे करने लग गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी डॉ. जोगेंद्र ने बताया कि दो घी की फैक्टरियों से व एक बेकरी से सैंपल लिए हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें बार-बार तोशाम इलाके में नकली देसी व वनस्पति घी बनाने की सूचना मिल रही थी, जिसको लेकर यह अभियान चलाया है।