23 फोटो आग से जला सामान दिखाता दुकानदार। संवाद
- फोटो : Bhiwani
लोहारू। शनिवार अल सुबह शहर के परशुराम चौक पर एक जनरल स्टोर की दुकान में कथित रूप से शार्ट सर्किट से आग लगने के कारण दुकान में रखा हजारों रुपयों का सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना लोहारू थाना पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस ने मौके का मुआयना किया है। पीड़ित दुकानदार महेश कुमार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
पीड़ित दुकानदार महेश कुमार ने बताया कि वह हमेशा की तरह दुकान मंगल करके सांय को घर चला गया था। सुबह पड़ोसी दुकानदार ने फोन पर सूचना दी कि उसकी दुकान में धुआं निकल रहा है। जिस पर तुरंत दुकान पर पहुंचा और शटर खोलकर देखा तो दुकान के भीतर आग लगी हुई थी।
उसने पानी डालकर आग पर काबू पाया तब तक सारा सामान जलकर राख हो चुका था। पीड़ित का कहना है कि वह कुछ रोज पहले ही दिल्ली से करीब 60 हजार रुपये का सामान लाया था, वह भी आग की भेंट चढ़ गया। घटना की सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया। वहीं, दुकानदार महेश कुमार व स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन और सरकार से पीड़ित को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।