भिवानी में एक गद्दा फैक्टरी में आग लगने हड़कंप मच गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग के कर्मचारियों करीब दो घंटे तक कड़ी मशक्कत की फैक्टरी में काम करने वालों ने भी बाहर भागकर अपनी जान बचाई।
भिवानी के गांव देवसर के समीप एक गद्दा फैक्टरी में रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अचानक आग लग गई। गद्दा फैक्टरी के अंदर से धुंआ उठता देख आसपास के उद्योगों में काम कर रहे कर्मचारियों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। एक के बाद एक करीब आधा दर्जन दमकल की गाड़ियां मौके पर जुटी और आग पर काबू पाने के प्रयास आरंभ कर दिए। लेकिन फैक्टरी के अंदर आग इतनी भयानक तरीके से धधक चुकी थी कि करीब दो किलोमीटर ऊंचाई तक आसमान में सिर्फ काला धुंआ ही नजर आया।
विज्ञापन
देवसर गांव के समीप लगी गद्दा फैक्टरी में आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग के कर्मचारी करीब दो घंटे तक कड़ी मशक्कत करते रहे, मगर आग शांत होने का नाम नहीं ले रही थी। गद्दा फैक्टरी के पास ही अन्य उद्योग भी चल रहे हैं, जिनमें काम करने वालों ने भी बाहर भागकर अपनी जान बचाई। वहीं आसपास के लोगों ने भी आग पर काबू पाने की कोशिश की, मगर आग दोगुने वेग से प्रचंड होती चली गई।
दमकल की गाड़ियां भी एक के बाद एक खाली होकर रिफिलिंग के लिए वापस दमकल स्टेशन पर आती रही। दमकल विभाग के लीडिंग फायरमैन संजय ने बताया कि आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां तो मौके पर जा चुकी हैं, जबकि और गाड़ियों को भी भेजा जा रहा है। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। वहीं आग की घटना के बाद जूई कलां पुलिस थाना की टीम भी मौके पर जुटी। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। संवाद