तोशाम में कृषि मंत्री को काले झंडे दिखाते किसान। संवाद
- फोटो : Bhiwani
तोशाम। कृषि मंत्री जेपी दलाल शनिवार को तोशाम कोर्ट परिसर का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे। इस दौरान संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसानों ने कृषि मंत्री जेपी दलाल का काले झंडे दिखाकर विरोध जताया। तोशाम से संयुक्त किसान मोर्चा सदस्य मास्टर शेर सिंह व प्रधान कमल सिंह के नेतृत्व में किसान सुबह 10 बजे चौ. सुरेंद्र सिंह चौक पर एकत्रित होकर कृषि मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर तोशाम थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने किसानों को आगे बढ़ने से रोका और सभी किसानों को हिरासत में लेकर पुलिस गाड़ी में बैठा लिया और उन्हें खानक में ले गए। बाद में कृषि मंत्री के जाने के बाद सभी गिरफ्तार किसानों को रिहा किया। विरोध करने व गिरफ्तार होने वालों में किसान मोर्चे के सदस्य कॉमरेड ओमप्रकाश, बलबीर सिंह बजाड़, दिलबाग ढुल, रामफल देशवाल, अनूप राठी, नरेंद्र घनघस, महाबीर धनाना, राजेश पंघाल, संतोष देशवाल, सत्यवान पंघाल, कर्णसिंह जैनावास, अनिल भेरा, सोनू बागनवाला, ईश्वर बागनवाला, कृष्ण तोशाम, बलवान नंबरदार, ओमपाल, क्रांति उपस्थित रहे।
वहीं, कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने कहा है कि अधिवक्ताओं का समाज निर्माण में अहम योगदान होता है। कृषि मंत्री ने बार एसो. को 21 लाख की ग्रांट देने की घोषणा की। वे तोशाम के न्यायिक परिसर में बार एसो. के चेंबर कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास करने उपरांत अधिवक्ताओं को संबोधित कर रहे थे। कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि तोशाम मेरे दोस्त स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह व पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल की कर्म भूमि रहा है और यहां आकर सुकून मिलता है। उन्होंने अधिवक्ताओं को भरोसा दिलाया कि मेरे से जो मदद संभव होगी वह अवश्य करूंगा। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के प्रधान राकेश नेहरा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बार एसोसिएशन की ओर से मांग पत्र प्रस्तुत किया और समस्याओं से अवगत करवाया।
तोशाम कोर्ट परिसर का उदघाटन करते कृषि मंत्री जेपी दलाल। संवाद- फोटो : Bhiwani