भिवानी। सरसों की बिजाई पूरी होने के बाद अब गेहूं की बारी है। खाद को लेकर किसानों के बीच अभी भी मारामारी चल रही है। मंगलवार को भी नई अनाज मंडी स्थित खाद बिक्री केंद्र पर सैकड़ों किसानों की भीड़ जुटी। जिसके बाद धक्कामुक्की होने लगी। खाद नहीं मिलने के बाद किसानों ने हंगामा कर दिया। हंगामे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को शांत किया। खरीद केंद्र पर खाद बिक्री को लेकर व्यवस्था बिगड़ी तो लाइनों में लगे किसान भी खरीद केंद्र के गेट पर ही चारों तरफ जुट गए और गेट को ही पूरी तरह से घेर लिया। इस दौरान खाद वितरण करने वाले कर्मचारियों ने भी हाथ खड़े कर दिए।
जिले में सरसों बिजाई का काम पूरा हो चुका है। सरसों बिजाई के दौरान भी किसानों को खाद के लिए काफी दिक्कतें झेलनी पड़ी थीं। रातभर किसान खरीद केंद्रों के बाहर डटे रहे थे। अब गेहूं की बिजाई शुरू हो गई है। फिर भी किसानों की मुश्किलें कम नहीं हुई। गेहूं की बिजाई के लिए खाद के लिए भी किसान खरीद केंद्रों के बाहर अल सुबह ही जुटने लगे हैं। नई अनाज मंडी स्थित खरीद केंद्र पर मंगलवार को किसानों की भीड़ काफी ज्यादा हो गई, जबकि खाद भी कम पड़ गई। ऐसे में किसानों ने खाद पाने के लिए हंगामा कर दिया और फिर इसके बाद खाद वितरण की व्यवस्था ही बिगड़ गई। खाद वितरण में लगे कर्मचारियों ने पुलिस बुलाई। जिसके बाद अनाज मंडी पुलिस चौकी इंचार्ज सज्जन सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हंगामा कर रहे किसानों को शांत किया और उन्हें खाद दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों की लाइनें लगवाकर पुलिस ने फिर से व्यवस्था बनाई।
दो लाख एकड़ में होगी गेहूं की बिजाई
इस बार जिले में करीब दो लाख एकड़ में गेहूं की बिजाई का लक्ष्य रखा गया है, जबकि पिछली बार करीब ढाई लाख एकड़ में गेहूं की बिजाई हुई थी। गेहूं के मुकाबले इस बार सरसों की बिजाई ज्यादा की गई है।
ये बोले किसान
मैं आठ एकड़ भूमि पर गेहूं की बिजाई करने के लिए खाद लेने आया हूं। सुबह से लाइन में लगा हूं। मगर अधिकारी कहते हैं कि खाद नहीं है। चहेतों को लाइन से पहले खाद दिला दी, जब हमारी बारी आई तो खाद खत्म हो गई। किसानों को परेशान किया जा रहा है।
-शुभराम, निवासी हड़ौदी।
कल से खाद लेने के लिए खरीद केंद्र के बाहर चक्कर लगा रहा हूं, लेकिन खाद नहीं मिली है। गेहूं की बिजाई करनी है, अगर समय पर खाद नहीं मिली तो इस बार बिजाई नहीं हो पाएगी। करीब दस एकड़ में गेहूं बिजाई का काम प्रभावित हो गया है।
-मुख्तयार, निवासी गांव उमरावास।
मैं सुबह चार बजे से खरीद केंद्र के बाहर खड़ा हूं। शाम चार बजे तक भी मुझे खाद नहीं मिली है। खाद नहीं मिली तो बिजाई नहीं हो पाएगी। मेरे से पहले लगे किसानों को सिर्फ दो कट्टे खाद मिली है, जिससे बिजाई का काम पूरा नहीं होगा।
-मंदीप, निवासी उत्तम नगर।
मंगलवार को आए खाद के 20 हजार बैग का रैक
गेहूं बिजाई के लिए मंगलवार को 20 हजार बैग का रैक जिले में आया है। मंगलवार को खाद का 22 हजार बैग का स्टॉक कृषि अधिकारियों ने दर्ज किया है, जबकि 13 नवंबर को भी 50 हजार बैग का रैक आएगा। गेहूं बिजाई को लेकर लगातार खाद की किल्लत बनी हुई है।
लगातार आ रही खाद
जिले में खाद की कोई कमी नहीं है। लगातार खाद के रैक भिवानी में आ रहे हैं। किसानों को गेहूं बिजाई के लिए खाद वितरित की जा रही है। हमारा प्रयास है कि सभी किसानों को समय पर खाद मिले और किसी को कोई परेशानी न हो।
-डॉ. आत्मराम गोदारा, कृषि उपनिदेशक भिवानी।
किसान ज्यादा होने पर बिगड़ी व्यवस्था
खरीद केंद्र पर हंगामे की सूचना मिली थी, जिसके बाद मेरी टीम मौके पर पहुंची। काफी संख्या में किसान खाद के लिए आए हुए थे, इसलिए व्यवस्था बिगड़ गई। किसानों को समझाकर शांत किया और खाद वितरण की केंद्र पर व्यवस्था बनवाई गई।
-सज्जन सिंह, इंचार्ज, अनाज मंडी पुलिस चौकी भिवानी।