भिवानी। दिनोद रोड की बालाजी कॉलोनी स्थित एक घर के अंदर घुसकर तीन बदमाशों ने एक युवक व उसकी मां के साथ मारपीट की। आरोपी घर से तीन हजार की नकदी व महिला के गले से सोने की चेन छीनकर भाग गए। पीड़ित की शिकायत पर आरोपी तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ स्नेचिंग का केस दर्ज हुआ है।
शिकायत में बालाजी कॉलोनी निवासी साहिल ने बताया कि गत पांच नवंबर की शाम सात बजे उसका भाई और भाभी अपने बच्चों के साथ ससुराल जा रहे थे। तभी नशे में धुत तीन अज्ञात युवकों ने उनकी गाड़ी के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक दिया। इसी दौरान आरोपी युवक उसके भाई के साथ गाली-गलौज करने लगे। उसका भाई अपने परिवार के साथ चला गया, लेकिन आरोपी उनके घर के बाहर चक्कर लगाते रहे। इसके बाद 6 जून की सुबह नौ बजे तीनों आरोपी युवक फिर से उनके घर के अंदर घुस गए। उस समय वह बाथरूम में नहाने के लिए गया था। आरोपियों ने बाथरूम के अंदर ही उसे पीटना शुरू कर दिया और फिर पूरे घर में उसे घसीटा। उसका बचाव करने के लिए उसकी मां अंगूरी देवी आई तो उसके साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। साहिल का आरोप है कि आरोपी युवक उससे तीन हजार रुपये की नकदी व उसकी मां के गले से दो तोले सोने की चेन छीनकर ले गए। सिटी पुलिस ने साहिल की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ स्नेचिंग सहित संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।