फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्टोर में नहीं बिजली मीटर, 12188 कनेक्शन अटके

विज्ञापन
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम कार्यालय। संवाद - फोटो : Bhiwani
विज्ञापन
संजय वर्मा
विज्ञापन

भिवानी। कोरोना संक्रमण के बाद सरकारी विभागों की व्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर लौट आई, मगर बिजली निगम के हालात नहीं सुधरे हैं। एक माह से विद्युत निगम के स्टोर में बिजली मीटर नहीं हैं। ऐसे में भिवानी सर्कल के अंतर्गत आने वाले भिवानी और चरखी दादरी जिलों के 12188 उपभोक्ताओं के नए कनेक्शन भी अटक गए हैं।
बिजली निगम से घरेलू कनेक्शन लेने वाले 1171 उपभोक्ता भी रोजाना बिजली निगम कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। निगम के पास मीटर नहीं होने से चौधरी बंसीलाल यूनिवर्सिटी का भी नया बिजली कनेक्शन अटक गया है।
विज्ञापन

हर रोज आ रहे 50 से 60 आवेदन
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम भिवानी सर्कल में चरखी दादरी और भिवानी जिलों के करीब सवा चार लाख बिजली उपभोक्ताओं को कनेक्शन जारी किए हुए हैं। इसी के साथ सर्कल की सभी 17 सब डिविजनों में प्रतिदिन औसतन 50 से 60 नए कनेक्शनों के आवेदन आ रहे हैं। एक माह के दौरान निगम के समक्ष 1370 घरेलू व गैर घरेलू उपभोक्ताओं ने नया बिजली कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया है। अगर बात सभी श्रेणी के बिजली कनेक्शनों की करें तो भिवानी सर्कल की सभी सब डिविजनों में फिलहाल 12188 कनेक्शन सिर्फ बिजली मीटरों के अभाव में अटके हुए हैं।
स्मार्ट मीटर के लिए भी कृषि उपभोक्ताओं को इंतजार
विद्युत निगम के पास कृषि यानी एपी श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर भी नहीं हैं। दरअसल निगम कृषि के एपी श्रेणी के बिजली कनेक्शनों पर सिम कार्ड इस्तेमाल होने वाले स्मार्ट बिजली मीटर लगा रहा है। मगर निगम के पास इस श्रेणी के बिजली मीटर भी खत्म हो चुके हैं। स्मार्ट बिजली मीटरों में ग्रामीण क्षेत्र के अंदर रेंज की दिक्कत भी आ रही है, जिसकी वजह से पहले जारी किए गए कनेक्शनों में भी किसानों को काफी परेशानी आ रही है। (संवाद)
किस डिविजन में कितने बिजली कनेक्शन लंबित
डिविजन घरेलू गैर घरेलू कृषि
ऑपरेशन सिटी 527 81 3952
सब अर्बन भिवानी 300 49 3810
ऑपरेशन दादरी 344 37 3056
सात औद्योगिक इकाइयों के कनेक्शन भी लटके
बिजली मीटरों के अभाव में भिवानी सर्कल के तीनों डिविजनों में औद्योगिक इकाइयों लिए सात नए बिजली कनेक्शन भी अधर में लटक गए हैं। ऑपरेशन सिटी डिविजन भिवानी में पांच औद्योगिक कनेक्शनों के लिए आवेदन निगम के समक्ष आए हैं, जबकि सब अर्बन डिविजन भिवानी में औद्योगिक इकाई का एक व दादरी ऑपरेशन डिविजन में एक औद्योगिक इकाई में नए कनेक्शन को लेकर आवेदन हुआ है। मगर मीटर नहीं होने पर इन कनेक्शनों को जारी नहीं किया गया है।
विज्ञापन

गुरुग्राम से मंगवाए हैं मीटर
इलेक्ट्रॉनिक बिजली मीटरों को लेकर सर्कल में पिछले कुछ दिनों से दिक्कतें आ रही थीं, लेकिन अब गुरुग्राम से नए बिजली मीटर मंगवाए गए हैं। सर्कल में करीब 1200 नए बिजली मीटर स्टोर में आए हैं। जल्द ही लंबित बिजली कनेक्शनों को जारी किया जाएगा।
- रणबीर सिंह, महाप्रबंधक, भिवानी सर्कल, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें