भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा अक्तूबर 2023 में करवाई गई सेकेंडरी शैक्षिक व मुक्त विद्यालय पूरक परीक्षा का सोमवार देर रात को परिणाम घोषित कर दिया है। यह परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर देखा जा सकता है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ वीपी यादव एवं सचिव ज्योति मित्तल ने बताया कि सेकेंडरी परीक्षा का परिणाम 41.10 प्रतिशत रहा है।
इस परीक्षा में 17962 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे, जिनमें से 7382 उत्तीर्ण हुए, इनमें से 9767 परीक्षार्थियों की कम्पार्टमेंट आयी है। परीक्षा में 10333 छात्रों ने भाग लिया, जिसमें से 4206 छात्र पास हुए, जिनकी पास प्रतिशतता 40.70 रही तथा 7629 प्रविष्ट छात्राओं मे से 3176 पास हुई, जिनकी पास प्रतिशतता 41.63 रही। इसके अतिरिक्त सेकेंडरी मुक्त विद्यालय परीक्षा का परिणाम 26.66 प्रतिशत रहा है। परीक्षा में 25142 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे, जिनमें से 6704 उत्तीर्ण हुए, इनमें से 18438 परीक्षार्थियों की रि-अपीयर आयी है। इस परीक्षा में 14990 छात्रों ने भाग लिया, जिसमें से 3921 छात्र पास हुए, जिनकी पास प्रतिशतता 26.16 रही तथा 10151 प्रविष्ट छात्राओं मे से 2782 पास हुई, जिनकी पास प्रतिशतता 27.41 रही। परीक्षार्थी अपनी उत्तरपुस्तिका की पुन:जांच, पुनर्मुल्यांकन निर्धारित शुल्क सहित परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिन तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।