तोशाम बाईपास पर गोली चलने की वारदात के बाद कार्रवाई करते सिटी पुलिस एसएचओ संदीप शर्मा व बीटीएम पु
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। तोशाम बाईपास स्थित एक होटल के समीप वैगन आर कार में अपने दोस्त से मिलकर लौट रहे एक युवक पर बाइक सवार बदमाशों ने शनिवार देर शाम करीब साढ़े छह बजे गोली चला दी। गोली कार का शीशा तोड़कर युवक के कंधे के पीछे जा धंसी। गंभीर हालत में युवक को नागरिक अस्पताल लाया गया। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही डीएसपी व सिटी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। मामला पुरानी रंजिश का है।
हनुमान ढाणी क्षेत्रवासी पवन अपने एक साथी के साथ कार में शनिवार शाम को तोशाम बाईपास पर अपने दोस्त से मिलने के लिए गया था। दोस्त से मिलने के बाद पवन गाड़ी के अंदर चालक के साथ वाली सीट पर बैठा हुआ था, जब उनकी गाड़ी होटल के समीप पहुंची तो साइड में उनके तीन बाइक आकर रुकीं, जिन पर करीब छह युवक सवार थे। एक बाइक पर पीछे बैठे युवक ने शीशे के नजदीक से पवन पर गोली चला दी। शीशा तोड़कर गोली सीधी पवन के दाएं कंधे के पीछे धंस गई। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी वीरेंद्र सिंह, सिटी थाने की पुलिस , अनाज मंडी व बीटीएम पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने वारदात स्थल की छानबीन की और इसी दौरान घायल पवन को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया। मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। पहले भी दोनों पक्षों के बीच काफी झगड़े हो चुके हैं।
बीटीएम पुलिस चौकी इंचार्ज रोहताश पूनिया ने बताया कि पवन पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। पवन पर भी पहले झगड़े के मामले दर्ज हैं। वहीं दोनों के बीच पहले भी काफी झगड़े हो चुके हैं। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है, जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।