लोहारू (भिवानी)। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सिंघानी में बना शहीद स्मारक आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही हिसार से वाया तोशाम, बाढड़ा, सतनाली, रेवाड़ी नेशनल हाईवे बनने से प्रदेश में विकास के नए द्वार खुलेंगे। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने स्वीकृति प्रदान कर दी है, जिसकी जल्द ही डीपीआर बनेगी।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला बुधवार को सिंघानी में शहीद स्मारक एवं पार्क के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने गांव सिंघानी से ढाणी राठी तक जाने वाली सड़क मार्ग का शिलान्यास भी किया। उन्होंने गांव में सात लाख 38 हजार रुपये की लागत से बनी सामान्य चौपाल, 46.35 लाख रुपये की लागत से बने स्टेडियम, दस लाख रुपये की लागत से बने शहीद स्मारक एवं पार्क, नहर से जोहड़ तक 18.74 लाख रुपये की लागत से डाली गई पाइप लाइन कार्य, 35 लाख रुपये की लागत से भिवानी व सिवानी रोड के दोनों तरफ फुटपाथ, साढ़े आठ रुपये की लागत से ढाणी राठी से श्मशान घाट तक गली का निर्माण, पांच लाख रुपये की लागत से बने सामान्य चौपाल से हसनपुर रोड़ आदि परियोजनाओं का उद्घाटन किया। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सिंघानी क्रांतिकारी वीरों की ऐतिहासिक भूमि है। यहां के निवासियों की वीरता के अनेक किस्से प्रचलित हैं। उन्होंने कहा कि यहां के बहादुर लोगों ने नवाबी शासन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की और 23 लोगों ने नवाब के खिलाफ लड़ते हुए अपनी कुर्बानी दी। सिंघानी के न्याय के कोठे की गौरव गाथा से भी कोई अपरिचित नहीं है, जहां पर सत्य व असत्य की पहचान की जाती थी।
भिवानी जिले में सड़कों के निर्माण पर खर्च हो रही 960 करोड़ रुपये की राशि
सिंघानी में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भिवानी जिले में सड़कों के निर्माण पर करीब 960 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों व गांवों की समस्याओं के समाधान के लिए एक पोर्टल बना दिया गया है। पोर्टल पर गांव की समस्याएं लिख कर डाल सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने गांव के स्कूल की मेधावी छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि लड़कियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी भाग लेना चाहिए। इस दौरान शहीद स्मारक प्रांगण में पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। गांव सिंघानी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की मॉडल लाइब्रेरी में पांच लाख रुपये ग्रांट देने की घोषणा की। उन्होंने स्टेडियम में खेल का सामान उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान जेजेपी के जिला प्रधान विजय गोठड़ा ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया और लोक निर्माण व पंचायत विभाग द्वारा करवाए गए विकास कार्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम संयोजक निवर्तमान सरपंच सुरेंद्र राठी ने सभी अतिथि को स्वागत किया और गांव की तरफ से मांगपत्र प्रस्तुत किया और गांव में चकबंदी आदि से संबंधित मांगें रखीं।
ये रहे मौजूद : कार्यक्रम के दौरान एसडीएम जगदीश चंद्र, तहसीलदार डॉ. जोधाराम भारद्वाज, नायब तहसीलदार गौरव, कार्यकारी अभियंता कृष्ण कुमार, अजय राठी, बीडीपीओ रेनुलता, खंड शिक्षा अधिकारी धूप सिंह, आरएफओ, प्राचार्य रघुवीर वर्मा, दादरी के जेजेपी जिलाध्यक्ष नरेश द्वारका, अलका आर्य, सतीश बेनीवाल, वजीर मान, सुरेंद्र राठी, महेश चौहान, महेंद्र गोकुलपुरा, राजकुमार ओबरा, राजेश भारद्वाज, डॉ. जयबीर बूरा, प्रदीप गोयल, विकास लांबा, सुरेश शर्मा, प्रह्लाद राड़, सरपंच ओमबीर आर्य, पवन गोकलपुरा, राकेश कुमार, किशन सैनी, मांगेराम चारण, सुभाष महता आदि मौजूद रहे।