अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते उपायुक्त आरएस ढिल्लो। विज्ञप्ति
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में वीरवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त आरएस ढिल्लो ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आमजन को राइट-टू-सर्विस एक्ट के तहत सरकारी सेवाएं व योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। योजनाओं का लाभ लेने में लोगों को अनावश्यक रूप से किसी प्रकार भी कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकासपरक योजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूरा करें।
उपायुक्त ने प्रत्येक अधिकारी से संबंधित विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी ली और उनकी जिले में स्थिति के बारे में विस्तार से पूछा। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही परेशानियों के बारे में जानकारी ली, ताकि उनको दूर किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि मुख्यालय स्तर पर कोई मामला लंबित हो तो उसके बारे में बताया जाए, ताकि उसको पूरा करवाया जा सके। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें। सड़कों की मरम्मत का कार्य अधिकारी प्राथमिकता के साथ करें।