बवानीखेड़ा। कस्बे के खेतों में सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में 38 वर्षीय युवक खेत में पेड़ पर लटकता मिला। मृतक की पहचान कस्बे के वार्ड नं. 10 निवासी मुकेश उर्फ मुनेश के रूप में हुई। वहीं मृतक के स्वजनों ने उन्हें खेत मालिक द्वारा युवक की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाए जाने का शक जाहिर किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच आरंभ कर दी है।
वहीं पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला ही सामने आया है। हालांकि पुलिस द्वारा शव के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस में दिए बयान में अशोक ने बताया कि उसका भाई कस्बा निवासी एक किसान के साथ पिछले 5 वर्षों से साझे की खेती कर रहा था। उन्होंने बताया कि रविवार को उसका भाई मुकेश दोपहर के समय खेत के मालिक से हिसाब करने की बात कह कर घर से निकला था। रात के वक्त वह घर नहीं लौटा। सोमवार सुबह उन्हें सूचना मिली की उसके भाई का शव खेत में एक पेड़ पर लटका हुआ है। जब उन्होंने अन्य मौजूद व्यक्तियों के साथ खेत में जाकर देखा तो उसके भाई का शव अमरूद के पेड़ पर लटका हुआ था और उसके पैर जमीन से सटे हुए थे। मृतक के भाई ने शक जताया है कि खेत मालिक ने ही उसके भाई की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया। वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिवानी के सामान्य अस्पताल भेज दिया। मौके पर एफएसएल की टीम भी पहुंची और घटना स्थल की जांच की।
निष्पक्ष की जाएगी जांच: एसएचओ
थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि पुलिस को कस्बा बवानीखेड़ा निवासी मुकेश के खेत में पेड़ पर लटके जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि मृतक मुकेश ने स्वयं ही फंदा लगाकर आत्महत्या की है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिवानी के सामान्य अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर ही जांच को आगे बढ़ाया जाएगा और जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर कार्यवाई अमल में लाई जाएगी। जांच पूरी तरह निष्पक्ष की जाएगी।