भिवानी। उपायुक्त आरएस ढिल्लो ने शुक्रवार को गांव निनान जलघर के जलाशय में स्वयं मोटर बोट पर बैठकर बाढ़ नियंत्रण की मशीनरी व नावों का निरीक्षण किया व जलघर का जायजा लिया। उन्होंने मोटर बोट में प्रयोग होने वाली मशीन का गहनता से निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने बताया कि प्रशासन के पास इस समय 10 नाव व तीन मोटर इंजन चालू हालत में है। यदि जिले के किसी भी क्षेत्र में बाढ़ आती है तो रेस्क्यू के लिए प्रशासन के लिए पर्याप्त संसाधन है। उन्होंने सभी मशीनों को चलवा कर देखा और निर्देश दिए कि यदि किसी प्रकार की कोई कमी हो तो वे समय रहते ठीक करवाएं। इसके अलावा यह भी सुनिश्चित करें कि किसी भी किश्ती में कोई लीकेज न हो। उपायुक्त ने कहा कि समय रहते सभी मोटर बोट को अच्छे तरीके से चला कर देखें और किसी भी उपकरण में कोई कमी है तो उसे तुरंत ठीक करवाया जाए। इसे अलावा बाढ़ बचाव से संबंधित लाइफ जैकेट तथा अन्य सहायक उपकरण तैयार रखें। इस दौरान बाढ़ राहत से संबंधित अधिकारी ने डीसी को बताया कि कर्मचारियों को विशेष आपदा प्रबंधन की ट्रेनिंग दी गई है। साथ ही प्रशासन ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को भी अलर्ट कर दिया है। इस मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।