भिवानी। भिवानी से होकर हिसार-भटिंडा की तरफ जाने वाली कई यात्री ट्रेनें दूसरे दिन भी घंटों देरी से चलीं। इसके कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा यात्री परेशान किसान एक्सप्रेस वाया रोहतक, सिरसा-तिलकब्रिज वाया भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, गोरखधाम सुपरफास्ट, दिल्ली एक्सप्रेस, रेवाड़ी फाजिल्का ट्रेन घंटों देरी से चलीं।
बता दें कि शुक्रवार को भी कई ट्रेनें घंटों देरी से चलीं थी। इनमें तिलकब्रिज-सिरसा, गोरखधाम सुपरफास्ट, किसान एक्सप्रेस प्रमुख रूप से रहीं। किसान एक्सप्रेस तो करीब 5 से 6 घंटे की देरी से सिरसा पहुंची थी। इसके अलावा तिलकब्रिज सिरसा करीब 4 घंटे देरी, मेरठ-श्रीगंगानगर करीब 3 घंटे देरी से सिरसा पहुंची थी। देरी से चल रही ट्रेनों के कारण इसका प्रभाव अन्य ट्रेनों पर भी पड़ा। क्योंकि सिरसा से हिसार और भटिंडा दोनों तरफ सिंगल लाइन है। इसके कारण इनमें क्रॉसिंग होने के कारण ये और देरी से होती चली गईं।
रेल पटरियों पर चढ़ी कार, जीआरपी ने किया केस दर्ज
लोहारू। शहर के निकटवर्ती सूरजगढ़ रेलवे फाटक के नजदीक एक चालक ने लापरवाही से कार चलाते हुए उसे रेल की पटरियों पर चढ़ा दिया। हालांकि इस हादसे में कार चालक घायल हो गया। घटना की सूचना के बाद जीआरपी ने कार को कब्जे में ले लिया और चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
लोहारू जीआरपी चौकी इंचार्ज राजकुमार से मिली जानकारी के अनुसार झज्जर जिला निवासी सुरेंद्र अपने किसी साथी को चिड़ावा छोड़कर वापस लोहारू की ओर आ रहा था। इस दौरान उसने कथित लापरवाही के चलते अपनी कार को सही दिशा में मोड़ने के बजाय कार को रेल की पटरी पर ही सीधा चढ़ा दिया। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और चालक घायल हो गया।
गनीमत यह रही की उस वक्त किसी ट्रेन का आवागमन नहीं था। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी चौकी इंचार्ज राजकुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और कार को जब्त कर लिया। घायल कार चालक सुरेंद्र को उपचार के लिए भिवानी के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।