लावारिस पशु लगातार जानलेवा साबित हो रहे हैं। शनिवार रात हरियाणा के भिवानी में हांसी रोड पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के पास लावारिस पशु के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया। जिससे उस पर सवाल हलवाई की मौत हो गई जबकि एक युवक की टांग में फ्रैक्चर आया तो एक के सिर में गंभीर चोट आई। घायलों को हांसी के अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया है।
वहीं हलवाई की मौत से उसके तीन छोटे बच्चों के सर से पिता का साया उठ गया। ऐसा हादसा पहली बार नहीं है। भिवानी में अब तक अनेक दफा लावारिस पशु किसी से पिता तो किसी से इकलौता बेटा व अन्य सहारा छीन चुके हैं। कागजों में तो शहर कैटल फ्री हो चुका है मगर धरातल पर अभी लावारिस पशुओं का जमावड़ा है।
हादसा शनिवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ। हांसी की नहर कॉलोनी वासी 36 वर्षीय अशोक सैनी दो अन्य युवाओं इसी कॉलोनी वासी मोहित और सौरभ के साथ तोशाम के पास एक गांव में शादी समारोह में आए थे। वे हलवाई का काम करते हैं। रात को शादी समारोह से लौट रहे थे। जब वे हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के पास पहुंचे तो लावारिस पशु अचानक उनकी बाइक के सामने आ गया।
जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया। तीनों सड़क पर गिर गए। हादसे में घायल तीनों को उपचार के लिए नागरिक अस्प्ताल की इमरजेंसी लाया गया। जहां अशोक सैनी को मृत घोषित कर दिया गया। परिजन बाकी दोनों घायलों को उपचार के लिए हांसी के एक अस्पताल ले गए। हादसे में मोहित के पांव में फ्रैक्चर हुआ, जिसका रविवार को ऑपरेशन हुआ। वहीं युवक सौरभ के सिर और हाथ में चोट आई है।
कितनों को बेसहारा करेंगे लावारिस पशु
लावारिस पशु औसतन हर रोज हादसों का कारण बन रहे हैं। शहर की बात करें तो अनेक लोगों की जिंदगी लील चुके हैं। किसी को टक्कर मारकर तो कहीं अचानक बीच सड़क आकर। स्कूटर सवार एक हेडमास्टर की मौत के बाद तो उनकी पत्नी ने नगर परिषद पर केस भी किया था और कोर्ट ने 20 लाख रुपये नप को देने के निर्देश दिये थे। जिलेभर में अब तक करीब 25 लोगों की जान लावारिस पशुओं के कारण जा चुकी है।
ये है शहर के प्रमुख हादसे
- वर्ष 2018 में सेक्टर-13 में लावारिस पशु ने बुजुर्ग सेवानिवृत्त शिक्षक को टक्कर मारी, जिससे उनकी पसलियों में फ्रैक्चर आए। वे करीब महीना भर पीजीआई में रहे और बाद में दम तोड़ दिया।
- वर्ष 2018 में ही हुन्नामल प्याऊ के पास हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। वह ऑटो में सवार था और अचानक लावारिस पशु आने से हादसा हुआ। वह परिवार का इकलौता सहारा था।
- दादरी गेट के पास से गुजर रहे स्कूटर सवार एक प्राइवेट स्कूल के हेडमास्टर की मौत हुई।
- राधा स्वामी सत्संग भवन के पास बाइक सवार एक दुकानदार की मौत हुई।
- चांग गांव में एक बुजुर्ग महिला को सांड़ ने टक्कर मारी, जिससे उसकी मौत हुई
- सेवा नगर में एक महिला को लावारिस पशु ने टक्कर मारी, जिससे उसकी मौत हुई।
- दो जनवरी 2019 को शांति नगर में सांड़ों की लड़ाई के दौरान चपेट में आने से निजी स्कूल बस के सहायक शांति नगर गली नंबर 13 वासी करीब 58 रवि कुमार की मौत हो गई।
कागजों में अभियान, धरातल पर अव्यवस्था
फाइलों में तो भिवानी कैटर फ्री भी हो चुका है, लेकिन कागजों में आज भी लावारिस पशु पकड़ों अभियान चल रहा है मगर धरातल पर स्थिति कुछ और ही बयां कर रही है। शहर के रोहतक रोड, पुराना बस स्टैंड, कृष्णा कॉलोनी, चारा मंडी, ऑटो मार्केट, दादरी रोड, हांसी रोड, दादरी गेट, रोहतक गेट, घंटाघर चौक, दिनोद गेट, बावड़ी गेट, सब्जी मंडी, अनाजमंडी, नया बाजार में लावारिस पशुओं का जमकर लगा रहता है। ये लावारिस पशु हर रोज हादसों का सबब बन रहे हैं। लावारिस पशुओं को रोकने के लिए नंदीशाला बनाई है मगर यहां अक्सर चारे की समस्या रहती है। नगर परिषद के पास लावारिस पशु पकड़ने के लिए न कर्मचारी है और न ही संसाधन। ऐसे में सारे अभियान कागजों में ही चल रहे हैं।