ड्यूटी नहीं होने के बावजूद हरियाणा बोर्ड की वाणिज्य विषय का शिक्षक परीक्षा केंद्र पर आया और दो परीक्षार्थियों को पर्चियां दीं। आरएएफ-7 उड़नदस्ते ने दोनों परीक्षार्थियों को पकड़ा तो शिक्षक और प्रमुख केंद्र अधीक्षक ने उड़नदस्ते ने पर्चियां छीनकर गायब कर दीं। यह नजारा था झज्जर के हसनपुर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का।
इसके बाद उड़नदस्ते ने इसकी सूचना बोर्ड चेयरमैन प्रो. जगबीर सिंह को दी। सूचना पर पहुंचे बोर्ड चेयरमैन ने प्रमुख केंद्र अधीक्षक और शिक्षक के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई के लिए शिक्षा विभाग को पत्र लिखा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में नकल का खेल थमता नजर नहीं आ रहा है।
शुक्रवार को बारहवीं की रसायन शास्त्र/लेखांकन/लोक प्रशासन परीक्षा में भी नकल चली और दीवारों, छतों पर नकल कराने वालों का बोलबाला रहा। परीक्षा केंद्रों के अंदर स्टाफ ही नकल करा रहा था। प्रदेशभर में शुक्रवार को 147 नकलची पकड़े गए। तीन परीक्षा केंद्रों की परीक्षा रद्द की गई तो एक को शिफ्ट किया गया। छह पर्यवेक्षकों को लापरवाही पर ड्यूटी से हटाया गया। नौ मुन्नाभाई पकड़े गए, जो दूसरों की जगह परीक्षा दे रहे थे।
नकल कराने के लिए बुलाया विषय शिक्षक
जिला झज्जर के परीक्षा केंद्र रावमावि, हसनपुर में ड्यूटी नहीं होने के बावजूद वाणिज्य प्रवक्ता कैलाश चंद को बुलाया गया। उक्त प्रवक्ता गले में आई कार्ड डाल परीक्षा केंद्र पर पहुंचा, ताकि उसे कोई रोके नहीं और समझे कि ड्यूटी पर है। केंद्र पर आने के बाद उन्होंने दो परीक्षार्थियों को नकल की पर्ची दी।
वहां पहुंची आरएएफ-7 टीम ने उक्त दोनों परीक्षार्थियों अनुक्रमांक 3022119543 व 3022119523 को पर्चियों समेत पकड़ा। इसके बाद प्रमुख केंद्र अधीक्षक सुनील दत्त भी पहुंच गए। दोनों ने मिलकर उड़नदस्ते से पर्चियां छीन लीं और गायब कर दीं। यूएमसी दर्ज करने से भी रोका, जिस कारण काफी हंगामा भी हुआ।
उड़नदस्ते ने इसकी सूचना बोर्ड चेयरमैन प्रो. जगबीर सिंह को दी। सूचना पर प्रो. जगबीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि नियमानुसार केंद्र पर प्रमुख केंद्र अधीक्षक व प्रवक्ता का प्रवेश वर्जित है। बोर्ड चेयरमैन ने नकल कराने व परीक्षा नियमों की अवहेलना करने पर उक्त दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए शिक्षा विभाग को पत्र लिखा।
खिड़कियों के पास फैली थी सभी कोड की उत्तरकुंजी, दो केंद्रों की परीक्षा रद्द
बोर्ड उपाध्यक्ष वीपी यादव के उड़नदस्ते ने रोहतक के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया तो सभी कोड की उत्तरकुंजी भी खिड़कियों के पास की। वीपी यादव ने तीन नकलची पकड़े। रावमावि, किलोई-03 (बी-2) एवं किलोई-01 (बी-1) में केंद्र के बाहर नकल कराने वालों का जमघट लगा था। वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के सभी कोड की उत्तरकुंजी खिड़कियों के पास पड़ी मिली, जिससे साफ था कि दोनों केंद्रों पर जमकर नकल चल रही है।
दोनों केंद्रों की रसायन शास्त्र विषय की परीक्षा रद्द कर दी गई। राकवमावि, किलोई-2 के निरीक्षण के दौरान लोक प्रशासन विषय सभी कोड की अंकित पर्चियां खिड़कियों के पास फैली हुई थीं, जिस कारण परीक्षा रद्द कर दी गई। वहीं, केंद्र को रोहतक शिफ्ट कर दिया गया। बोर्ड सचिव कृष्ण कुमार ने भिवानी, सिवानी, तोशाम के परीक्षा केंद्रों पर तीन नकलची पकड़े।
संयुक्त सचिव के उड़नदस्ते ने महेंद्रगढ़ के उपमंडल कनीना में सात नकलची पकड़े। विशेष उड़नदस्तों ने 40, बोर्ड अध्यक्ष के स्पेशल उड़नदस्तों ने 23, उपाध्यक्ष के स्पेशल उड़नदस्तों ने तीन, सचिव के स्पेशल उड़नदस्तों ने 14, रैपिड एक्शन फोर्स ने 20, अन्य उड़नदस्तों ने 74 नकलची पकड़े। इन्हें लापरवाही पर ड्यूटी से हटाया।
रावमावि लाडवा-1 की पर्यवेक्षक पुष्पा रानी, पर्यवेक्षक सुनीता देवी, रावमावि, अलावलपुर से पर्यवेक्षक गोविंद राम, अग्रवाल वमावि, होडल-5 से पर्यवेक्षक सरिता, दयानंद वमावि, पलवल-8 से पर्यवेक्षक सीमा मंगला, जेसीबी मॉडर्न वमावि पलवल-15 के पर्यवेक्षक अमन को ड्यूटी से हटाया गया।
दूसरों की जगह परीक्षा देते नौ मुन्नाभाई दबोचे
जेसीबी मॉडर्न वमावि पलवल-15 पर अनुक्रमांक 3022355141 असली परीक्षार्थी के स्थान पर नकली परीक्षार्थी परीक्षा दे रहा था। परीक्षा केंद्र रावमावि, मंढ़ौली कलां (भिवानी) में अनुक्रमांक 3022026234 की जगह नकली परीक्षार्थी परीक्षा देते मिला। एसडी कवमावि, पानीपत-22 पर अनुक्रमांक 1222410618 व विश्व भारती पब्लिक हाईस्कूल, पलवल-21 पर अनुक्रमाक 2222411168, 2222411485, 2222411701, 2222411654, 2222411181 व 2222411466 के स्थान पर नकली परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे थे। सभी को पकड़ एफआईआर दर्ज करवाई गई।
कैलाश चंद को नकल के लिए ही बुलाया गया था
हसनपुर के केंद्र पर वाणिज्य विषय के प्रवक्ता कैलाश चंद को नकल के लिए ही बुलाया गया था। नियमानुसार परीक्षा के संबंधित शिक्षक की ड्यूटी नहीं लगाई जाती। उक्त प्रवक्ता आई कार्ड पहनकर आया था। उसने दो परीक्षार्थियों को पर्चियां दीं, जिन्हें फ्लाइंग ने पकड़ लिया। इसके बाद प्रमुख केंद्र अधीक्षक और उक्त प्रवक्ता ने फ्लाइंग से पर्चियां छीनकर गायब कर दीं। दोनों पर सख्त कार्रवाई के लिए शिक्षा विभाग को लिखा है। नकल और लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। - प्रो. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड।