भिवानी में राजस्थान के दो भाइयों को बोलेरो में जिंदा जलाने के मामले मृतक के चचेरे भाई इस्माइल फिरोजपुर झिरका सीआईए पर बजरंग दल का साथ देने का आरोप लगाया है। मृतक के भाई ने स्थानीय थाना पुलिस पर भी आरोप लगाया कि हम पर केस वापस लेने का दबाव बनाया गया।
भिवानी में राजस्थान के दो भाइयों को बोलेरो में जिंदा जलाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। क्योंकि मृतक के चचेरे भाई इस्माइल का आरोप है कि फिरोजपुर झिरका सीआईए और बजरंग दल के मोनू मानेसर व रिंकू सैनी ने अपने साथियों के साथ उनके दोनों भाइयों की गाड़ी का पीछा किया। जिसके बाद सीआईए की गाड़ी ने बोलेरो को आगे से टक्कर मारी और बजरंग दल के सदस्यों ने गाड़ी को पीछे से टक्कर मारी, फिर नासिर और जुनैद के साथ मारपीट कर अधमरा कर दिया।
विज्ञापन
उन्हें स्थानीय थाने ले जाया गया, मगर थाने की पुलिस ने वापस ले जाने को कह दिया। बाद में दोनों भाइयों को उनकी गाड़ी में ही भिवानी जिले के लोहारू के गांव बारवास की बणी में ले जाकर बोलेरो में ही जिंदा जलाकर मार डाला। क्योंकि मौके पर मिली गाड़ी के सामने, पीछे और साइड की खिड़कियों के शीशे टूटे मिले हैं।
ससुराल गए थे जुनैद और नासिर
राजस्थान के भरतपुर जिले के गोपालगढ़ पुलिस थाना में इस्माइल ने एक शिकायत दर्ज कराई थी। जिस पर नासिर और जुनैद के अपहरण का केस दर्ज किया था। मृतक के भाई का आरोप है कि उसके दो चचेरे भाई नासिर और जुनैद दोनों अपनी बोलेरो गाड़ी में ससुराल गए थे। रात को वहीं रुक गए थे। सुबह छह बजे जब वह वापस बोलेरो गाड़ी से लौट रहे थे तो करीब आठ दस लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और उनके साथ मारपीट की। जिसके बाद उनकी गाड़ी में ही दोनों का अपहरण कर ले गए।
विज्ञापन
गोपालगढ़ पुलिस करेगी अपहरण और हत्या का केस दर्ज
जिंदा जलाए जाने के मामले की जांच भरतपुर जिले के गोपालगढ़ पुलिस थाना की टीम करेंगी। अपहरण, हत्या और शव को ठिकाने लगाने के मामले में भिवानी पुलिस और भरतपुर पुलिस एक दूसरे के सहयोग से मामले की जांच करेगी। वहीं मृतकों के परिजनों से डीएनए मिलान के बाद ही शवों की शिनाख्त हो पाएगी।